Lok Sabha Election 2019, ABP News, CVoter Survey: 2019 लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ-साथ देश की जनता की राय भी अगली सरकार बनाने के लिए तेजी से बननी शुरू हो गई है। एबीपी न्यूज और सीवोटर ने अपवे सर्वे में दावा किया है कि अगर आज के दिन चुनाव होते हैं तो एक बार फिर मोदी सरकार बन सकती है। सर्वे में दावा किया गया है कि आज चुनाव होने की सूरत में लोकसभा की 543 सीटों में से एनडीए के खाते में 276 सीटें जा सकती है, यूपीए को 112 सीटें मिलने की बात कही गई है और अन्य के खाते में 155 सीटें जाती हुई बताई गई हैं। सर्वेक्षण में कहा गया है कि 2014 के मुकाबले एनडीए का वोट शेयर 2 फीसदी घटा है और यूपीए के वोट शेयर में एक फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2014 में एनडीए का वोट शेयर 40 फीसदी रहा था जोकि आज चुनाव होने की सूरत में 38 फीसदी बताया गया है। यूपीए के मामले में यह 24 फीसदी रहा था जोकि आज चुनाव होने पर 25 फीसदी बताया गया है। सर्वे में एनडीए की सरकार जरूर बताई जा रही है लेकिन यह दावा भी किया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी अपने दम पर 248 सीटें जीत सकती है और व्यक्तिगत मामले में कांग्रेस की हालत इस बार भी खस्ता बताई गई है।

सर्वे में कहा जा रहा है आज चुनाव होने पर कांग्रेस अपने दम पर 100 सीटें भी जीतती नहीं दिख रही है। सर्वे में 2014 के मुकाबले एनडीए के लिए 60 सीटों का नुकसान बताया जा रहा है। कौन से राज्य में किसको कितनी सीटें मिल सकती हैं, इसके आंकड़े भी सर्वे में जारी किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश: कांग्रेस के महागठबंधन में शामिल होने पर: लोकसभा की सबसे ज्यादा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश के सियासी समीकरण गठबंधन की संभावनाओं के हिसाब से अलग-अलग बनते दिखाई दे रहे हैं। सर्वे के मुताबिक अगर कांग्रेस महागठबंधन में शामिल होती है तो राज्य की कुल 80 सीटों में से बीजेपी के खाते में 24 सीटें जाने की संभावना है और कांग्रेस 56 सीटें ले जा सकती है।

बसपा के अकेले दम पर चुनाव लड़ने पर: अगर मायावती अकेले चुनाव लड़ती हैं तो यूपी की कुल 80 सीटों में से कांग्रेस के खाते में महज 2 सीटें और बीजेपी के खाते में 70 सीटें जा सकती हैं। वहीं, 8 सीटों पर निर्दलीय कब्जा जमा सकते हैं।

सपा-बसपा साथ और कांग्रेस के अलग रहने पर: समाजवादी पार्टी और बीएसपी अगर साथ रहती हैं और कांग्रेस अलग रहकर चुनाव लड़ती है तो राज्य की कुल 80 सीटों में से बीजेपी 36 पर परचम लहरा सकती है, कांग्रेस को 2 सीटों से संतोष करना पड़ेगा और महागठबंधन के खाते में सबसे ज्यादा 42 सीटें जा सकती है। 2014 में बीजेपी को यूपी की 73 सीटों पर जीत मिली थी।

मध्य प्रदेश: सर्वे के मुताबिक यहां की कुल 29 सीटों में से 23 एनडीए के खाते में जा सकती हैं और महज 6 सीटें यूपीए को मिल सकती हैं।

बिहार: अगर लोकजनशक्ति पार्टी और आरएलएसपी यूपीए में गई तो यहां की कुल 40 सीटों में से 22 एनडीए और 18 सीटें यूपीए को मिल सकती हैं।
बिहार में अगर वर्तमान एनडीए चुनाव लड़ता है तो 40 में से 31 पर एनडीए और 9 सीटों पर यूपीए को जीत मिल सकती है।

दक्षिण भारत- कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना: यहां की कुल 129 सीटों में से 32 सीटों पर यूपीए, 21 सीटें पर एनडीए जीत सकती है और अन्य के खाते में सबसे ज्यादा 76 सीटें जा सकती हैं।

दिल्ली: सर्वे में यहां की कुल 7 लोकसभा सीटों पर एनडीए ही काबिज होती बताई गई है, यूपीए के खाते में एक भी सीट जाती नहीं दिख रही है।

हरियाणा की कुल 10 सीटों में से सबसे ज्यादा 6 एनडीए और 3 यूपीए के हिस्से में जा सकती हैं। अन्य के खाते में एक सीट जा सकती है।

पंजाब: यहां कि कुल 13 सीटों में 12 पर यूपीए परचम लहरा सकती है और केवल 1 सीट पर एनडीए को संतोष करना पड़ सकता है।

पूर्वोत्तर- असम, अरुणाचल, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा: यहां की कुल 25 सीटों में से एनडीए सबसे ज्यागा 25 सीटें जीत सकती है, जबकि यूपीए 6 और 1 सीट अन्य के खाते में जा सकती है।

ओडिशा: यहां की कुल 21 सीटों में से 13 बीजेपी, 6 बीजेडी और 2 सीटें कांग्रेेेस जीत सकती है।

महाराष्ट्र: अगर कांग्रेस, एनसीपी, बीजेपी, शिवसेना अलग-अलग लड़ीं तो यहां की कुल 48 सीटों में से सबसे ज्यादा 22 सीटें बीजेपी के खाते में जा सकती हैं, दूसरे नंबर पर कांग्रेस 11 सीटें जीत सकती हैं, एनसीपी 8 और शिवसेना 7 सीटें जीत सकती है।

एनसीपी-कांग्रेस और शिवसेना-बीजेपी साथ चुनाव लड़ती हैं तो 48 में से सबसे ज्यादा 36 पर एनडीए की जीत हो सकती है और 12 सीटें यूपीए के खाते में जा सकी हैं।

अगर एनसीपी-कांग्रेस साथ और शिवसेना अकेले चुनाव लड़ती है तो 48 में से 30 सीटें यूपीए, 16 सीटें एनडीए और 2 सीटें शिवसेना जीत सकती है।

राजस्थान: यहां की कुल 25 सीटों में से 18 पर यूपीए और 7 पर यूपीए के जीतने की संभावना है।

छत्तीसगढ़: कुल 11 सीटों में से सबसे ज्यादा 9 सीटें एनडीए जीत सकती हैं और 2 सीटें यूपीए के खाते में जा सकती हैं।

दावा किया गया है कि एबीपी न्यूज ने सी वोटर के साथ मिलकर अगस्त के आखिरी हफ्ते से लेकर सितंबर के आखिर हफ्ते तक देश की सभी 543 लोकसभा सीटों में सर्वे किया, जिसमें 32 हजार 547 लोगों की राय शामिल की गई है।