हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 का कार्यक्रम चुनाव आयोग ने जारी कर दिया है। 12 नवंबर को वोटिंंग और 8 दिसंबर को परिणाम आने हैं। इस बीच 14 अक्टूबर को एबीपी और सी-वोटर ने एक ओपिनियन पोल का नतीजा जारी किया है। इसके मुताबिक इस बार के नतीजों से हिमाचल प्रदेश असेंबली इलेक्शन में करीब 37 सालों का ट्रेंड बदल सकता है। बीजेपी की सत्ता में वापसी हो सकती है। राज्य में 1985 के बाद ऐसा विरले देखा गया कि एक पार्टी की सत्ता में लगातार वापसी हो गई हो।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव ओपिनियन पोल: किसे कितनी सीटें
हिमाचल प्रदेश में कुल 68 सीटें हैं। बहुमत हासिल करने 35 सीटों की जरूरत है। ओपिनियन पोल के मुताबिक बीजेपी के खाते में 38 से 46 सीटें जा सकती हैं। कांग्रेस के खाते में 20 से 28 सीटें जाने का अनुमान है। जबकि आप के खाते में केवल 1 सीट पोल के हिसाब से जाती दिख रही है। अगर बहुत तक कोई दल नहीं पहुंच सका तो निर्दलीय भी सरकार बनाने में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। इनके खाते में तीन सीटें जा सकती हैं।
पिछली बार हिमाचल प्रदेश के चुनाव में बीजेपी ने बंपर जीत हासिल की थी। उसे 68 में से 44 सीटें मिली थीं। इस बार भी कमोवेश उसकी सीटें पिछली बार की संख्या के आसपास रहने के आसार दिख रहे हैं। कांग्रेस के लिए भी यही स्थिति बनती दिख रही है। पिछली दफा उसे 21 सीटें मिली थीं। इस बार भी उसके विधायकों की संख्या पिछली बार के नंबर्स के आसपास रहने का अनुमान लगाया गया है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव एबीपी- सी वोटर सर्वे: किसे कितने मत
पोल के मुताबिक बीजेपी को इन चुनावों में 46 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। उसके पास सबसे ज्यादा वोट शेयर जा रहा है। कांग्रेस के पास 35.2 फीसदी वोट जा सकते हैं। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने भले ही पंजाब में बंपर सीटें हासिल करके सरकार बना ली हो। लेकिन पड़ोस के सूबे में उनका असर होता नहीं दिख रहा।
हालांकि केजरीवाल मान रहे थे कि पंजाब का असर पड़ोस के हिमाचल तक जरूर पहुंचेगा। पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ केजरीवाल ने हिमाचल के ताबड़तोड़ दौरे भी किए। पोल के मुताबिक आप को 6.3 फीसदी वोट मिलने का ही अनुमान है। अन्य के खाते में 12.5 फीसदी वोट जा सकते हैं।