उद्धव गुट के नेता अभिषेक घोषालकर को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें फेसबुक लाइव के दौरान अचानक से ही उद्धव गुट के नेता पर कोई फायरिंग कर देता है। गोली सीधे पेट में लगती है और अभिषेक वहां से भाग जाते हैं।

वीडियो में क्या दिख रहा है?

हैरानी की बात ये है कि जिस आरोपी ने अभिषेक को गोली मारी, बाद में उसने खुद भी सुसाइड कर लिया। आरोपी का नाम मोरिस है जो खुद अभिषेक के साथ उस फेसबुक लाइव में शामिल था। बकायदा काफी देर तक वो साथ में बैठा रहा, फिर उठकर गया और बंदूक लाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शुरुआती जांच के बाद इसे आपसी विवाद का एक मामला बताया जा रहा है। जमीन पर उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर जबरदस्त गुस्सा है।

संजय राउत ने साधा निशाना

इस मामले में संजय राउत ने ट्वीट कर कहा है कि मैं रोज कह रहा हूं कि महाराष्ट्र में गुंडों का राज है। मुख्यमंत्री और उनके बलराजे रोज गैंगस्टर गिरोहों से मिलते हैं। पार्टी में प्रवेश देते हैं। गृह मंत्री गायब हो गए हैं.. राज्य गैंगस्टरों के हाथों में है। इसलिए कानून का कोई डर नहीं है, लेकिन पुलिस को शिंदे गिरोह की सेवा के लिए छोड़ दिया गया है। अभिषेक घोसालकर को गोली मारना चौंकाने वाला है। अभिषेक मौत से लड़ रहे हैं..और गृह मंत्री फड़णवीस चाय-पे पर चर्चा करते घूम रहे हैं! फड़णवीस इस्तीफा दें!

पहले भी हुई ऐसी घटना

वैसे जानकारी के लिए बता दें कि पिछले ही हफ्ते BJP विधायक गणपत गायकवाड़ और उनके एक साथी ने शिंदे गुट के शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। जमीन विवाद को लेकर वो गोलीबारी की गई थी। पुलिस ने आरोपी विधायक को गिरफ्तार कर लिया था।