आप कार्यकर्ताओं के एक धड़े ने दल के विधायकों और वॉलेंटियर्स के बीच ‘‘संवादहीनता’’ की स्थिति पर चिंता जताई है। इनका मानना है कि इससे नगर निगम चुनावों में पार्टी की संभावनाओं पर उल्टा प्रभाव होगा। आम आदमी पार्टी की दिल्ली ईकाई के नेताओं के साथ हुई पश्चिमी दिल्ली, विशेष रूप से जनकपुरी के वॉलेंटियर्स की बैठक में उन्हें सत्ता विरोधी लहर के बारे में भी बताया गया। भाजपा कथित रूप से कई वार्डों में सत्ता विरोधी लहर झेल रही है। कल हुई इस बैठक की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी की दिल्ली ईकाई के वरिष्ठ नेताओं ने की।
एक वॉलेंटियर ने कहा, ‘विधायकों और पार्टी के वॉलेंटियर्स के बीच बहुत संवादहीनता है। इस खाई को पाटना और वॉलेंटियर्स को सम्मान देना आवश्यक है।’ एक अन्य वॉलेंटियर ने पार्टी और कार्यकर्ताओंं के बीच बेहतर समन्यवयन की मांग की। यही कार्यकर्ता विभिन्न वार्ड, मोहल्लों और बूथ स्तर पर पार्टी का चेहरा हैं। तीसरे वॉलेंटियर ने कहा, ‘विधायकों और पार्टी के वॉलेंटियर्स के बीच समय-समय पर बैठकें होनी चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सुझाए गए विकास कार्यों को समय के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। हम इसी तरह से एमसीडी चुनाव से पहले लोगोंं को अपना काम दिखा सकते हैं।’
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कल दिल्ली नगर निगम चुनावों में जीत मिलने पर विश्वास जताया था। आप के लिए 2017 बहुत महत्वपूर्ण साल रहेगा क्योंकि वह निगम चुनावों में भाजपा को हराने का पूरा प्रयास करेगी। दिल्ली नगर निगम में भाजपा का कब्जा है।