दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। 70 विधानसभा वाली दिल्ली में आप ने 62 सीटें अपने नाम की। वहीं बीजेपी के हिस्से में 8 सीटें आईं। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी  की 8 सीटों की हार को लेकर भी हाई लेवल समीक्षा की है।

हाई लेवल मीटिंग में  केजरीवाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हारी हुई के कारणों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान इन सीटों पर  चुनाव लड़ने वाले  आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने भी  अपनी राय रखी। अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से इन सीटों पर संपर्क  में रहने को कहा है। जिन आठ सीटों पर AAP के उम्मीदवार हारे उनमें बदरपुर, लक्ष्मी नगर, विश्वास नगर, रोहिणी, गांधी नगर¸रोहतास नगर, घोंडा¸करावल नगर शामिल हैं। यही नहीं इनमें से तीन सीटों पर आप के विधायक थे जो फिर से चुनाव लड़े और हार गए। इसमें घोंडा से श्रीदत्त शर्मा, लक्ष्मी नगर से नितिन त्यागी व रोहतास नगर से सरिता सिंह हैं।

AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के नेताओं को लोगों से संपर्क में रहने और उनकी परेशानियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने जनता के साथ एक मजबूत और करीबी रिश्ता बनाने और उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश करने को कहा है। इसके अलावा  जिन सीटों पर आम आदमी पार्टी की  बहुत कम अंतर से हार हुई, उन पर विशेष बात हुई। मसलन, लक्ष्मी नगर की सीट आप को मात्र 800 वोटों से गंवानी पड़ी थी। इसके अलावा  समीक्षा के दौरान पार्टी के नेताओं ने अरविंद केजरीवाल की बातों पर सहमति जताते हुए पार्टी को और मजबूत बनाने की बात कही।

गौरतलब है कि आप ने पिछले विधासभा चुनाव में 67 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि इस वर्ष यानी 2020 में आप के खाते में 62 सीटें आईं। वहीं बीजेपी को पिछली बार से पांच सीटें ज्यादा मिली हैं। कांग्रेस दोनों बार खाता खोलने में असमर्थ रही और पार्टी को करारी शिकस्त सहनी पड़ी।