Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी काफी उत्साहित है। पार्टी का चुनाव प्रचार काफी आक्रामक है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इस चुनाव में उतरने का ऐलान किया है, जिसको लेकर माना जा रहा है कि वह पंजाब से सटे सीमावर्ती इलाकों में प्रभावी हो सकती है, जिसके चलते कयास हैं कि कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन भी हो सकता है। इसको लेकर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष से जब पूछा गया तो उन्होंने इनकार तो नहीं किया, लेकिन पंजाब को लेकर कह दिया कि पंजाब में तो आप से कभी कोई गठबंधन नहीं ही होग।

दरअसल, पंजाब कांग्रेस प्रमुख और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि गठबंधन चाहे कहीं भी हो। पहले भी इंडिया गठबंधन के चलते इंडिया गठबंधन हुआ था, लेकिन हमने कहा था कि हम उनके (AAP) साथ कभी समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने हमारे लोगों को हिरासत में लिया, हम उनसे हर दिन विधानसभा में और बाहर लड़ते हैं।

‘कांग्रेस हाई कमान को पहले भी कहा था…’

कांग्रेंस हाई कमान को पंजाब को लेकर की गई मांग पर राजा वड़िंग ने कहा कि हमने पहले भी कहा था कि वे (कांग्रेस आलाकमान) देश में जो चाहें, वहां गठबंधन कर सकते हैं, लेकिन पंजाब में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं होगा। पंजाब में वहीं होगा जो कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्वीकार्य होगा।

‘केजरीवाल जी एक-दो दिन में बाहर आने वाले हैं’, मनीष सिसोदिया बोले- कांग्रेस से गठबंधन पर वो करेंगे निर्णय

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के साथ हरियाणा में गठबंधन को लेकर हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि गठबंधन पर बातचीत जारी है लेकिन अगर बात नहीं बनी तो छोड़ दिया जाएगा। दूसरी ओर सूत्र बता रहे हैं कि कांग्रेस ने राज्य की 7 सीटें आप को देने का प्रस्ताव दिया है लेकिन आम आदमी पार्टी दस सीटें मांग रही है, जिसको लेकर दोनों ही के बीच बातचीत अटकी हुई है।

लोकसभा चुनाव में हो चुका है गठबंधन

बता दें कि लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का कांग्रेस से गठबंध हुआ था। आप ने दिल्ली में कांग्रेस को 7 में से तीन सीटें दी थीं, बदले में कांग्रेस ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी को कुरुक्षेत्र की सीट दी थी। इसके अलावा गुजरात की भी भरूच सीट कांग्रेस ने आप को दी थी। हालांकि पंजाब में आम आदमी पर्टी और कांग्रेस अकेले ही चुनाव लड़े थे।

हालांकि पंजाब में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। वहीं कांग्रेस का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा था।