दिल्ली के नजफगढ़ में ढांसा मार्ग पर आम आदमी पार्टी के विधायक कैलाश गहलोत के कार्यालय पर अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की। आप विधायक के कार्यालय पर हुई गोलाबारी के जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार की रात करीब जब गोलीबारी हुई उस वक्त नजफगढ़ के विधायक कार्यालय में नहीं थे। दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस को मामले में तेजी से जांच का निर्देश दिया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हाल के दिनों में आम आदमी पार्टी के विधायक लगातार सुर्खियों में बने रहे हैं। चाहे फिर वह फर्जी डिग्री का मामला हो, धोखाधड़ी का मामला हो या फिर घरेलू कलह का विवाद हो।
पुलिस ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे हुई। बाद में गहलोत को घटना की सूचना मिली जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुबह मौके पर पहुंचे और आगे की जांच जारी है।