आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए पार्टी नेता संजय सिंह को मंगलवार 19 मार्च 2024 को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई गई। कोर्ट के आदेश पर उनको संसद भवन ले जाया गया और उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के कक्ष में शपथ दिलाई गई। इस मौके पर उपसभापति हरिवंश नरायण सिंह, राज्यसभा के प्रशासनिक अधिकारी और संजय सिंह के परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
विशेष न्यायाधीश ने 16 मार्च को दिया था आदेश
सांसद संजय सिंह राज्यसभा के लिए दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं। दिल्ली आबकारी घोटाले में फंसे संजय सिंह को चार अक्टूबर 2023 को गिरफ्तार किया गया था। तब से वह जेल में थे। इससे पहले विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल ने 16 मार्च को तिहाड़ जेल के अफसरों को यह आदेश दिया था कि संजय सिंह को पूरी सुरक्षा में संसद ले जाया जाए। उन्हें अपने फोन का उपयोग करने या अन्य आरोपी व्यक्तियों से बात करने की अनुमति न दी जाए। अदालत ने इस अवसर पर उनके वकील व परिवार के सदस्यों से मिलने की इजाजत दे दी थी।
शपथ लेने से पूर्व भावुक हुईं पत्नी, पूरे दिन रखा व्रत
शपथ लेने पर खुशी जताते हुए संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह भावुक हो गईं। पति के सरकारी आवास पर उन्होंने भारत माता की तस्वीर के सामने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया और व्रत रखा। इस मौके पर उन्होंने कहा, “यह परिवार के लिए हर्ष का मौका है। वह उन सभी जिम्मेदारियों को पूरा करेंगे, जो दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने उन्हें सौंपा है।”
दिल्ली आबकारी नीति और घोटाले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मुख्य आरोपी हैं। वह पहले से ही जेल में हैं। इस मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी ने 9 बार समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन वे पेश नहीं हो रहे हैं। इससे उनके खिलाफ भी कार्रवाई होने की आशंका बढ़ती जा रही है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है समन गैरजरूरी है। केंद्र सरकार उनके खिलाफ साजिश रच रही है और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।