आज तक पर डिबेट के दौरान समाजवादी पार्टी प्रवक्ता अनुराग भदौरिया बीजेपी की नूपुर शर्मा पर भड़क गए और कहने लगे कि बीजेपी ने यूपी में तालिबानी माहौल बना दिया है। जवाब में नूपूर शर्मा सपा पर टोंटी चोरी करने का आरोप लगाने लगी। फिर जवाब में सपा नेता भी बीजेपी को कफन चोर करार देने लगे। दोनों नेता आपस में भिड़ गए और डिबेट में चिल्लाने लगे। इस पर एंकर को दखल देना पड़ा।

डिबेट में सपा नेता कहने लगे कि बीजेपी सिर्फ धर्म और जाति की राजनीति करती है। अगर ये दो शब्द हटा दिए जाएं तो बीजेपी की राजनीति खत्म हो जाएगी। बीजेपी नेत्री कहने लगीं कि अखिलेश यादव अपने समय में अस्पताल नहीं बनाए योगी जी ने रिकॉर्ड स्तर पर अस्पताल बनवाए। मालूम हो कि समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव के लिए हुए नामांकन में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अराजकता और हिंसा फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के लोग सरेआम ‘लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं।’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बयान में आरोप लगाया, ”उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को भाजपा ने बंधक बना लिया है। ब्लॉक प्रमुख (क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष) चुनाव में नामांकन के दौरान भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं द्वारा अराजकता और हिंसा किया जाना लोकतंत्र का उपहास है। सत्ताधारी भाजपा के लोग सरेआम लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बन तमाशा देखती रही।”


उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में प्रशासनिक अधिकारी भाजपा के एजेंट की भूमिका में है। राज्‍य निर्वाचन आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के 825 क्षेत्र पंचायतों में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करने का समय निर्धारित था और इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की वापसी और शनिवार 10 जुलाई को मतदान होना है।

इस बीच सपा अध्‍यक्ष ने भाजपा पर आरोप लगाया कि सिद्धार्थनगर के इटवा ब्लॉक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय के साथ दुर्व्‍यवहार किया गया और उनकी गाड़ी तोड़ दी गयी। उन्‍होंने हरदोई, सम्भल, बस्ती के गौर, झांसी के बड़ागांव, सीतापुर में कसमण्डा, कानपुर के बिल्हौर और शिवराजपुर, सहित कई स्थानों पर सपा समर्थित प्रत्याशियों के नामांकन में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अवरोध पैदा करने का आरोप लगाया।