केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार में लाखों लोगों को मुफ्त राशन कौन दे रहा है? बिहार में लाखों लोगों को शौचालय किसने दिए? बिहार में लाखों लोगों के घरों में बिजली किसने पहुंचाई? लालू प्रसाद यादव ये सब घुसपैठियों में बांटना चाहते हैं। अमित शाह ने कहा कि हम भाजपा कार्यकर्ता इस बार इस संकल्प के साथ मैदान में उतरे हैं कि इस बार हमारा बहुमत ऐसा होगा कि तेजस्वी यादव अगला चुनाव लड़ने की हिम्मत भी नहीं कर पाएंगे। हमें इसी जोश और जुनून के साथ चुनाव लड़ना है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से बात की है। बातचीत के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने नेपाल में शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों के लिए नेपाल की पीएम को भारत का समर्थन व्यक्त किया। पीएम नरेंद्र मोदी X पर एक पोस्ट में कहा कि कार्की के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने पड़ोसी देश में हाल ही में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई जनहानि पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सुबह दिल्ली के इंदिरा भवन स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लोकतंत्र को तबाह करने वाले लोगों को बचा रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह हाइड्रोजन बम नहीं है, हाइड्रोजन बम आने वाला है। यह इस देश के युवाओं को यह दिखाने और स्थापित करने में एक और मील का पत्थर है कि चुनावों में किस तरह धांधली की जा रही है। यहां पढ़िए पूरी खबर

उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर इलाके में बादल फटने और भारी बारिश से छह इमारतें मलबे में दबकर नष्ट हो गईं। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। राहत और बचाव कार्य में जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार जुटी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हालात पर नज़र बनाए रखने और प्रभावित लोगों की मदद करने का भरोसा दिलाया है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए तेज़ी से अभियान चलाया जा रहा है और गांव के लोग भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। यहां पढ़िए पूरी खबर

Live Updates

देश और दुनिया से जुड़ी तमाम बड़ी अपडेट्स के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…

21:28 (IST) 18 Sep 2025

देश के Yuva-Gen Z वोट चोरी को रोकेंगे- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट में कहा, “देश के Yuva, देश के Students, देश की Gen Z, संविधान को बचाएंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और वोट चोरी को रोकेंगे। मैं उनके साथ हमेशा खड़ा हूं। जय हिंद!”

19:23 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: अडानी ग्रुप को हिंडनबर्ग मामले में सेबी ने दी क्लीन चिट

अडानी ग्रुप को हिंडनबर्ग मामले में सेबी ने क्लीन चिट दे दी है। सेबी ने कहा कि अडानी ग्रुप पर लगे आरोप साबित नहीं हुए। अडानी ग्रुप पर हिंडनबर्ग ने इनसाइडर ट्रेडिंग के आरोप लगाए थे, जिनकी सेबी जांच कर रही थी। सेबी ने अपने आदेश में गौतम अडानी, उनके भाई राजेश अडानी, अडानी पोर्ट्स, अदानी पॉवर एंड एडिकॉर्प एंटरप्राइजेज को दोषमुक्त कर दिया।

17:13 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: दुर्गा पूजा से पहले बांग्लादेश से 2,000 किलोग्राम हिल्सा मछली की पहली खेप त्रिपुरा पहुंची

दुर्गा पूजा से पहले बांग्लादेश से 2,000 किलोग्राम हिल्सा मछली की पहली खेप त्रिपुरा पहुंच चुकी है। एक स्थानीय मछली निर्यातक ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान बेहद लोकप्रिय व्यंजन बांग्लादेश से 2,000 किलोग्राम हिल्सा मछली की पहली खेप गुरुवार को त्रिपुरा पहुंची।

16:52 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: अमित शाह ने लालू पर साधा निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “बिहार में लाखों लोगों को मुफ्त राशन कौन दे रहा है? बिहार में लाखों लोगों को शौचालय किसने दिए? बिहार में लाखों लोगों के घरों में बिजली किसने पहुंचाई? लालू प्रसाद यादव ये सब घुसपैठियों में बांटना चाहते हैं। लालू यादव, चिंता मत करो। हम भाजपा कार्यकर्ता इस बार इस संकल्प के साथ मैदान में उतरे हैं कि इस बार हमारा बहुमत ऐसा होगा कि तेजस्वी यादव अगला चुनाव लड़ने की हिम्मत भी नहीं कर पाएंगे। हमें इसी जोश और जुनून के साथ चुनाव लड़ना है।”

15:56 (IST) 18 Sep 2025

राहुल गांधी लोकतंत्र और चुनाव आयोग पर लगातार झूठे और मनगढ़ंत हमले कर रहे- भाजपा नेता तरुण चुघ

राहुल गांधी द्वारा आज लगाए गए वोट चोरी के नए आरोपों पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, “राहुल गांधी अपने विदेशी मित्रों और विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए भारत के संविधान, लोकतंत्र और चुनाव आयोग पर लगातार झूठे और मनगढ़ंत हमले कर रहे हैं।”

14:53 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: बादल फटने से लगभग 35 घर क्षतिग्रस्त- पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “बादल फटने से लगभग 35 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। लगभग 20 लोग घायल हैं और 14 अन्य लापता हैं। चमोली में कल रात आई आपदा से 200 लोग प्रभावित हुए हैं। सभी बचाव दल वहाँ पहुँच गए हैं। डीएम और एसएसपी भी मौके पर हैं। घायलों को अस्पतालों में ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायलों को एम्स ऋषिकेश में स्थानांतरित किया जाएगा। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस बचाव अभियान चला रहे हैं। हम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम किया जा रहा है। सभी जिलों, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को मानसून खत्म होने तक पूरे सितंबर महीने के लिए अलर्ट मोड में रहने के लिए कहा गया है। चार धाम यात्रा जारी है, लेकिन मैं श्रद्धालुओं से अपील करता हूँ कि वे आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएँ।”

14:12 (IST) 18 Sep 2025

राहुल के आरोपों पर प्रियंका गांधी ने क्या कहा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग चुनावी प्रक्रिया को नष्ट करने में संलिप्त है। उन्होंने लोगों से राहुल गांधी का संवाददाता सम्मेलन देखने का आग्रह किया और इस बात पर ज़ोर दिया कि लोगों को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।

13:32 (IST) 18 Sep 2025

चुनाव आयोग का राहुल के आरोपों पर जवाब

निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरों’ की रक्षा करने के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों को गलत और निराधार बताया। निर्वाचन आयोग ने जोर देकर कहा कि संबंधित व्यक्ति का पक्ष सुने बिना कोई भी नाम हटाया नहीं जा सकता

13:00 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: पीएम मोदी ने की नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के साथ बातचीत

पीएम मोदी ने बताया कि नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री श्रीमती सुशीला कार्की के साथ गर्मजोशी से बातचीत हुई। हाल ही में हुई दुखद जनहानि पर हार्दिक संवेदना व्यक्त की और शांति एवं स्थिरता बहाल करने के उनके प्रयासों के प्रति भारत के दृढ़ समर्थन की पुष्टि की। साथ ही, मैंने उन्हें और नेपाल की जनता को कल उनके राष्ट्रीय दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

12:55 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: भुवनेश्वर महानगर पालिका में आवारा कुत्तों की गणना शुरू

भुवनेश्वर महानगर पालिका (बीएमसी) ने बृहस्पतिवार को शहर भर में आवारा कुत्तों की गणना शुरू की है। अधिकारी ने बताया कि आवारा कुत्तों की गणना शहर की हर गली और वार्ड में रोजाना सुबह पांच से सात बजे के बीच की जाएगी। बीएमसी की महापौर सुलोचना दास ने बताया कि गणना दो चरणों में होगी। पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा जबकि दूसरे चरण में यह जांच की जाएगी कि गिने गए कुत्तों की संख्या सही है या नहीं।

12:36 (IST) 18 Sep 2025

वैष्णो देवी यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन गुरुवार सुबह फिर से शुरू हो गया। खराब मौसम के कारण कुछ समय तक स्थगित रही तीर्थयात्रा को प्राधिकारियों ने फिर से शुरू करने का फैसला किया है। जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मंदिर के लिए तीर्थयात्रा भूस्खलन और भारी बारिश के कारण 22 दिन तक स्थगित रही थी और इसे बुधवार को बहाल किया गया। हालांकि, खराब मौसम के कारण बुधवार शाम को इसे फिर रोक दिया गया था। मौसम में सुधार के साथ आज सुबह यात्रा फिर से शुरू हो गई।

12:26 (IST) 18 Sep 2025

बहराइच: सरयू नदी में नाव पलटने से तीन लोगों की मौत

कैसरगंज थाना क्षेत्र के निंदीपुर गांव के निकट बुधवार की शाम सरयू नदी में नाव पलटने से एक परिवार के तीन लोगों की मृत्यु हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह तीनों मृतकों के शव निकाले गए हैं।

12:00 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: हमें चुनाव आयोग के अंदर से मदद मिलनी शुरू- राहुल

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “हमें चुनाव आयोग के अंदर से मदद मिलनी शुरू हो गई है। मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि अब हमें चुनाव आयोग के अंदर से जानकारी मिल रही है और यह रुकने वाला नहीं है।”

11:35 (IST) 18 Sep 2025

राहुल के आरोपों पर क्या बोलीं प्रियंका गांधी

राहुल गांधी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “यह एक संगठित प्रयास है। यह बहुत स्पष्ट है कि चुनाव आयोग इस प्रयास में शामिल है और राहुल ने बहुत स्पष्ट रूप से इसका पर्दाफाश किया है…”

11:35 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: राहुल गांधी बोले- सॉफ्टवेयर की मदद से वोट चोरी की जा रही

राहुल गांधी ने कहा, “आइए बात करते हैं कि यह कैसे किया जा रहा है और मैं क्यों कह रहा हूँ और हम कह रहे हैं कि यह एक केंद्रीकृत तरीके से किया जा रहा है। यह किसी व्यक्ति का उपयोग करके नहीं बल्कि एक सॉफ्टवेयर का उपयोग करके किया जा रहा है। सीरियल नंबर देखें, एक सॉफ्टवेयर मतदान केंद्र में पहला नाम चुन रहा है और उसका उपयोग वोटों को हटाने के लिए कर रहा है। किसी ने यह सुनिश्चित करने के लिए एक स्वचालित कार्यक्रम चलाया कि मतदान केंद्र पर पहला मतदाता आवेदक ही हो। उसी व्यक्ति ने राज्य के बाहर से मोबाइल फोन मँगवाए, उनका उपयोग आवेदन दाखिल करने के लिए किया और हमें पूरा यकीन है कि यह एक केंद्रीकृत तरीके से और बड़े पैमाने पर किया गया था। यह किसी कार्यकर्ता के स्तर पर नहीं किया गया था; यह पूरी तरह से सरल स्तर पर किया गया था।”

11:24 (IST) 18 Sep 2025

Aaj ki Taza Khabar LIVE: राहुल ने कर्नाटक के अलंद में वोट चोरी का लगाया आरोप

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीसी में कहा, “कर्नाटक में अलंद एक निर्वाचन क्षेत्र है। किसी ने 6018 वोटों को हटाने की कोशिश की। हमें नहीं पता कि 2023 के चुनाव में अलंद में कुल कितने वोट हटाए गए। ये संख्या 6,018 से कहीं ज़्यादा है लेकिन कोई व्यक्ति उन 6018 वोटों को हटाते हुए पकड़ा गया और यह संयोग से पकड़ा गया। हुआ यूँ कि वहाँ के बूथ लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का वोट हटा दिया गया है तो उसने जाँच की कि उसके चाचा का वोट किसने हटाया और उसने पाया कि वोट हटाने वाला एक पड़ोसी था। उसने अपने पड़ोसी से पूछा, लेकिन उन्होंने कहा कि मैंने कोई वोट नहीं हटाया। न तो वोट हटाने वाले व्यक्ति को और न ही जिसका वोट हटाया गया था, उसे पता था। किसी और ताकत ने इस प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया और वोट हटा दिया।”

11:15 (IST) 18 Sep 2025

लोकतंत्र को तबाह करने वाले लोगों को बचा रहे हैं CEC- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय लोकतंत्र को तबाह करने वाले लोगों को बचा रहे हैं मुख्य निर्वाचन आयुक्त।

11:12 (IST) 18 Sep 2025

चमोली: मलबे में लगभग 10 लोगों के दबे होने की आशंका

चमोली ज़िले के नंदानगर नगर में बादल फटने के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के जवान बचाव अभियान चला रहे हैं। शुरुआती रिपोर्टों में 27-30 घरों और गौशालाओं को नुकसान पहुँचने की बात कही गई है। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मलबे में लगभग 10 लोगों के दबे होने की आशंका है। इसके अलावा, एसडीआरएफ के अनुसार, दो महिलाओं और एक बच्चे को घायल अवस्था में बचा लिया गया है और उन्हें इलाज के लिए भेज दिया गया है।

11:05 (IST) 18 Sep 2025

हाइड्रोजन बम आने वाला है- राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “सबसे पहले, यह हाइड्रोजन बम नहीं है, हाइड्रोजन बम आने वाला है। यह इस देश के युवाओं को यह दिखाने और स्थापित करने में एक और मील का पत्थर है कि चुनावों में किस तरह धांधली की जा रही है।

10:55 (IST) 18 Sep 2025

पटना में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के लिए एक होटल पहुंचे। अमित शाह चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए बिहार दौरे पर हैं।

10:32 (IST) 18 Sep 2025

‘एक पेड़ मां के नाम’: 72 देशों के राजदूत आज देंगे दुनिया को संदेश

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “…‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के लिए 72 देशों के राजदूत आज यहां पहुंचे हैं। आज का दिन ऐतिहासिक है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ प्रधानमंत्री मोदी का धरती मां को बचाने के लिए दुनिया को संदेश है। दुनिया के देश आज प्रधानमंत्री मोदी के दिखाए रास्ते पर चलना चाहते हैं।”

10:12 (IST) 18 Sep 2025

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान जारी

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए मतदान गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया और इसे सुचारू तरीके से पूरा कराने के लिए 600 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। सभी पात्र मतदाता छात्रों के लिए दो पालियों में मतदान प्रक्रिया पूरी होगी। दिन की कक्षा वाले सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर एक बजे तक तथा शाम की कक्षा वाले दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक मतदान कर सकेंगे। लगभग 2.8 लाख छात्र चुनाव में मतदान करने के पात्र हैं, जिसका परिणाम 19 सितंबर को घोषित किया जाएगा।

09:42 (IST) 18 Sep 2025

अमृतसर में 25 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद

अमृतसर में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर के पास से 25 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह बरामदगी बुधवार रात बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के दौरान की गई।

09:21 (IST) 18 Sep 2025

दिल्ली पुलिस का कई कुख्यात आपराधिक गिरोहों के ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में कुख्यात आपराधिक गिरोहों के सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस की लगभग 40 टीमों ने टिल्लू ताजपुरिया गिरोह, नीरज बवाना-राजेश बवाना गिरोह, जितेंद्र उर्फ​गोगी गिरोह और काला जठेरी गिरोह के कई ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने कई जगहों से भारी मात्रा में नकदी और कई हथियार बरामद किए हैं और कई एफआईआर दर्ज की गई हैं।

21:21 (IST) 17 Sep 2025

प्रधानमंत्री मोदी को उपहार में मिली 1,300 से अधिक वस्तुओं की होगी ई-नीलामी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार में मिली 1,300 से अधिक वस्तुओं को बुधवार को शुरू हुई ई-नीलामी में रखा गया है। इन वस्तुओं में देवी भवानी की एक मूर्ति, अयोध्या के राम मंदिर का एक मॉडल और 2024 पैरालंपिक खेलों की खेल संबंधी यादगार चीजें शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन नीलामी के सातवें संस्करण की शुरुआत पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ हुई। पीएम मोदी बुधवार को 75 वर्ष के हो गए।

19:49 (IST) 17 Sep 2025

दिल्ली की महिलाएं ज़्यादा से ज़्यादा खरीदारी करें- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली की महिलाओं से दिवाली और नवरात्रि में ज्यादा खरीदारी करने की अपील की। अमित शाह ने कहा, “दिल्ली वालों, दिवाली और नवरात्रि जल्द ही आने वाले हैं। अब आप जो भी इस्तेमाल करेंगे, उस पर 28% और 18% की बजाय 0% और 5% GST लगेगा। मैं दिल्ली की माताओं-बहनों से कहना चाहता हूं कि घर पर दादागिरी करें और 22 सितंबर से ज़्यादा से ज़्यादा खरीदारी करें। खुलकर खरीदारी करें, लेकिन सिर्फ़ भारत में बनी चीजें ही खरीदें, बाहर की नहीं। अब समय आ गया है कि भारत का हर नागरिक ये संकल्प ले कि वो सिर्फ अपने देश में बनी चीजें ही खरीदेगा। स्वदेशी को बढ़ावा देना हमारा स्वभाव बनना चाहिए। तभी एक समृद्ध भारत का संकल्प पूरा होगा।”

18:27 (IST) 17 Sep 2025

पीएम मोदी ने खुद को पूरी तरह से हर व्यक्ति की सेवा में समर्पित कर दिया- मनजिंदर सिंह सिरसा

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “हर तरफ लोगों में खुशी है। 11 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की सरकार आई है। पीएम मोदी ने खुद को पूरी तरह से हर व्यक्ति की सेवा में समर्पित कर दिया है। मुख्यमंत्री खुद प्रधानमंत्री के सभी कार्यक्रमों की देखरेख कर रही हैं। पीएम मोदी पिछले 11 सालों से दिल्ली को बहुत कुछ देते आ रहे हैं, लेकिन दिल्ली पहली बार पीएम मोदी को रिटर्न गिफ्ट के तौर पर कुछ दे रही है।”

18:08 (IST) 17 Sep 2025

स्वच्छता अभियान एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन बन गया- भाजपा सांसद राजू बिष्ट

भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े के तहत, मैं पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता के साथ सिलीगुड़ी के बिधान मार्केट में स्वच्छता अभियान में भाग ले रहा हूं। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया स्वच्छता अभियान एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन बन गया है। मैं प्रधानमंत्री को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने राजनीति को सर्वजन कल्याण का माध्यम बना दिया है। राजनीति का मतलब सेवा है और प्रधानमंत्री मोदी ने इसे साकार किया है।”

17:12 (IST) 17 Sep 2025

अगर हम सत्ता में आए तो राज्य से बेरोजगारी का खात्मा कर देंगे- तेजस्वी

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “जनता भ्रष्ट सरकार से तंग आ चुकी है। राज्य में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। अपराधी ‘विजय’ और ‘सम्राट’ बन गए हैं। जनता बेरोजगारी और महंगाई से त्रस्त है। आगामी चुनाव में एनडीए की हार होगी। अगर हम सत्ता में आए तो राज्य से बेरोजगारी का खात्मा कर देंगे।”

16:47 (IST) 17 Sep 2025

राहुल बाबा ने शुरू की ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा ने अभी-अभी अपनी ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ शुरू की है। उन्होंने कहा, “मैं इस मंच पर देश की जनता से कहने आया हूं कि वे इन लोगों को पहचानें। वे चाहते हैं कि घुसपैठिए हमारी मतदाता सूची में बने रहें क्योंकि उन्हें भारत की जनता पर भरोसा नहीं है और वे घुसपैठियों के दम पर चुनाव जीतना चाहते हैं। भाजपा एसआईआर और मतदाता सूचियों को साफ़ करने के अभियान का समर्थन करती है।”