आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), हिंदी न्यूज़ 04 August 2025 Today’s Latest Breaking News in Hindi: खबरों के लिहाज से सोमवार का दिन काफी अहम रहने वाला है। एक तरफ राजधानी दिल्ली में झुग्गियों के खिलाफ चल रहे एक्शन पर कांग्रेस आक्रमक होने जा रही है। सड़कों पर उतर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, राहुल गांधी भी इसमें शामिल हो सकते हैं। बिहार की राजनीति में अभी भी SIR को लेकर विवाद चल रहा है, वहां भी तेजस्वी यादव के EPIC नंबर को लेकर रोज नए दावे हो रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय खबरों में फिर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके करीबी चर्चा में हैं। भारत पर ही एक बड़ा आरोप लगा दिया गया है, कहा गया है कि रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में हिंदुस्तान ही फाइनेंस कर रहा है। इसके अलावा इजराजयल और हमास का युद्ध अभी भी जारी है और अलग-अलग वीडियो के जरिए प्रोपेगेंडा गेम भी खेला जा रहा है। वैसे मौसम की खबरों पर भी नजर रखनी होगी। मैदानी इलाके अगर बाढ़ से परेशान चल रहे हैं तो पहाड़ी राज्यों पर भी लैंडस्लाइड, क्लाउड बर्स्ट, फ्लैश फ्लड की मार है।
Aaj Ki Taaja Khabar LIVE: देश-विदेश की सभी अहम खबरों के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए जुड़े रहें जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “टीएमसी का अध्यक्ष कौन है? ममता बनर्जी। उनके उत्तराधिकारी कौन हैं? अभिषेक बनर्जी। ममता बनर्जी के बाद अभिषेक बनर्जी कमान संभालेंगे। जिस तरह हमने बिहार में लालू के परिवार और उत्तर प्रदेश में मुलायम के परिवार को देखा। वही पश्चिम बंगाल में है, इसमें हैरान होने की कोई बात नहीं है…”
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम राज्य की राजधानी रांची लाया गया। इस दौरान हजारों लोग दिशोम गुरु के नाम से जाने जाने वाले अपने प्रिय नेता को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हवाई अड्डे के बाहर और सड़कों के किनारे कतारों में खड़े थे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को एक विशेष विमान से दिल्ली से रांची लाया गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी विधायक पत्नी कल्पना सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई एवं विधायक बसंत सोरेन भी उसी विमान से आए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, “मैं भारत द्वारा अमेरिका को दिए जाने वाले टैरिफ में भारी वृद्धि करूँगा। भारत न केवल भारी मात्रा में रूसी तेल खरीद रहा है, बल्कि खरीदे गए अधिकांश तेल को खुले बाज़ार में भारी मुनाफ़े पर बेच भी रहा है। उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है कि यूक्रेन में रूसी युद्ध मशीन कितने लोगों को मार रही है। इस वजह से, मैं भारत द्वारा अमेरिका को दिए जाने वाले टैरिफ में भारी वृद्धि करूँगा।”
दिल्ली स्कूल शिक्षा (फीस निर्धारण और विनियमन में पारदर्शिता) विधेयक, 2025 पर दिल्ली के मंत्री पंकज सिंह ने कहा, “विपक्ष केवल बहाना चाहता है। यह विधेयक स्कूली बच्चों के अभिभावकों के लाभ के लिए है। वे दिल्ली के लोगों के साथ नहीं खड़े हैं और उन्हें केवल वॉकआउट का बहाना चाहिए। दिल्ली के लोगों के लिए जो भी सबसे अच्छा होगा, वह किया जाएगा।”
दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद का ने कहा, “आज दिल्ली के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। दिल्ली में सालों से जिस तरह से अभिभावकों को फीस को लेकर परेशान किया जाता रहा है, उसे खत्म करने के लिए आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में एक विधेयक पेश किया जाएगा। शिक्षा कोई व्यवसाय नहीं है, यह एक सेवा है और यह विधेयक उसी के लिए आएगा। आप को इस बात का दुख है कि जिस झूठी शिक्षा क्रांति का वे 10 साल से प्रचार कर रहे हैं, वह ध्वस्त हो जाएगी।”
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा 7 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित डिनर में शामिल होंगे। मुखपत्र सामना में सोमवार को प्रकाशित खबर के अनुसार, राहुल ने रविवार को ठाकरे को फोन किया और उन्हें इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। सामना के अनुसार, “उद्धव ठाकरे 6, 7 और 8 अगस्त को नई दिल्ली में होंगे, जब संसद का मानसून सत्र चल रहा होगा। 7 अगस्त को ठाकरे इंडिया ब्लॉक बैठक में शामिल होंगे। वह संसद भवन में नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे।”
अमरनाथ यात्रा का अंतिम चरण सोमवार को शुरू हो गया। महंत दीपेंद्र गिरि ने भगवान शिव की पवित्र छड़ी ‘छड़ी मुबारक’ को दशनामी अखाड़ा मंदिर से दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित गुफा मंदिर की यात्रा के रवाना किया। छड़ी मुबारक के संरक्षक महंत गिरि ने कई साधुओं के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह यहां बुद्धशाह चौक स्थित दशनामी अखाड़ा मंदिर से पवित्र छड़ी यात्रा निकाली। उन्होंने कहा, ‘‘पवित्र छड़ी यात्रा आज रात पहलगाम पहुंचेगी और वहां दो रात रुकेगी। इसके बाद छह अगस्त को चंदनवाड़ी, सात अगस्त को शेषनाग और आठ अगस्त को पंजतरणी में रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद नौ अगस्त को पवित्र गुफा पहुंचेगी, जो शास्त्रों के अनुसार यात्रा का समापन होगा।’’
भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को आरोप लगाया कि “चीन गुरु राहुल गांधी” और उनकी पार्टी भारतीय सशस्त्र बलों से नफरत करते हैं और विदेशी ताकतें उन्हें ‘रिमोट कंट्रोल’ से संचालित कर रही हैं। भाजपा का यह बयान सेना के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर उच्चतम न्यायालय द्वारा राहुल पर नाराजगी जताए जाने के बाद आया है।
9 दिसंबर, 2022 को भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच हुई झड़प पर अपनी टिप्पणी को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी पर अदालत की टिप्पणी पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “केवल तीन संभावनाएं हैं। एक तो भारत सरकार या सेना स्वयं, अगर वे सबूत प्रदान करते हैं, तो उसे आधिकारिक दस्तावेज माना जाना चाहिए। यह जानकारी प्राप्त करने का एक उचित तरीका है। सरकार पहले ही इस बारे में जानकारी दे चुकी है कि हमारे क्षेत्र की कितनी अच्छी तरह से सुरक्षा की जा रही है। दूसरी संभावना यह है कि राहुल गांधी को चीनी सरकार या चीनी प्राधिकरण से जानकारी मिली होगी या तीसरी एक स्व-निर्मित कहानी है। इसलिए, राहुल गांधी को बताना होगा कि क्या भारतीय क्षेत्र पर चीनी कब्जे का उनका दावा भारत सरकार के स्रोत से है या चीनी स्रोत से है या उनकी अपनी रचना है।”
अपने पिता और झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “निश्चित रूप से हम उन्हें हमेशा याद रखेंगे।”
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा के डिजिटलीकरण पर कहा, “आज से दिल्ली विधानसभा का तीसरा सत्र शुरू हो रहा है… अभी तक हमने एजेंडा का एक भी कागज किसी सदस्य को नहीं भेजा है… सभी जानकारियां ऑनलाइन दी गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उनका पूरा जीवन आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए समर्पित रहा, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है। बड़ी बात यह है कि उनकी उस मुलाकात के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुर्मू से मलाकात की।
अमेरिका द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “इससे हर कोई प्रभावित हो रहा है… अचानक, ट्रंप पाकिस्तान के दोस्त बन गए हैं। वे चाहते हैं कि हम रूसी तेल न लें।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब नेता भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की सांसद सुधा रामकृष्णन की आज सुबह दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में चेन छीन ली गई।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “…जिस तरीके से उन्होंने समाज के वंचित वर्ग की आवाज बनने का काम किया। मेरे पिता रामविलास पासवान के साथ उनके बहुत मधुर संबंध थे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, “तेजस्वी यादव जवाब दें कि उनके पास दो वोटर ID कार्ड कैसे आए? निष्पक्ष और सकारात्मक चुनाव करवाने के लिए चुनाव आयोग पर प्रश्न उठाने वाले INDI गठबंधन के नेता खुद चुनावी धांधली में शामिल दिखाई दे रहे हैं।
भारी हंगामे की वजह से लोकसभा को स्थगित कर दिया गया है, SIR मुद्दे को लेकर विपक्ष जमकर विरोध कर रहा है, हंगामा जारी है।
कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला ने SIR के मुद्दे पर कहा, “भारत का चुनाव आयोग, खासकर बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR) के दौरान, मतदाताओं को हाशिए पर रखकर, चुनावी धोखाधड़ी को बढ़ावा दे रहा है
JDU नेता नीरज कुमार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर कहा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन केवल एक व्यक्ति नहीं थे, समाज का ऐसा तबका जो जीवन की चुनौतियों से जूझता है, समाज के सबसे निचले पायदान पर रहने वाला व्यक्ति, आदिवासी समुदाय जिसकी अस्मिता की रक्षा करते हुए और सामाजिक संघर्ष को झेलते हुए वे राजनीति के मुकाम पर पहुंचे लेकिन साथ ही साथ उन्होंने आदिवासी समुदाय को राजनीतिक स्वाभिमान के रूप में स्थापित करने का काम किया।
शिवसेना(UBT) सांसद संजय राउत ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर कहा, “शिबू सोरेन को हम हमेशा याद करते हैं। जिस राज्य से वे आते हैं और जिस राज्य से उनका नेतृत्व है, वह झारखंड आदिवासी राज्य है… वहां के आदिवासी समुदाय के लिए शिबू सोरेन भगवान से कम नहीं थे
झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का निधन हो गया है, वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, डॉक्टरों की एक पूरी टीम उनको मॉनिटर कर रही थी।
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सावन माह के चौथे और आखिरी सोमवार के अवसर पर श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन किए।
RJD नेता तेजस्वी यादव द्वारा मतदाता सूची में अपना नाम न होने के आरोप पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सिर्फ झूठ बोलते हैं और भ्रम फैलाते हैं।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आगामी पदयात्रा पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, “राहुल गांधी लगातार बिहार और देश की चिंता कर रहे हैं, गरीबों की चिंता कर रहे हैं… एकमात्र विकल्प कांग्रेस ही है
उत्तर प्रदेश में मौसम की मार देखने को मिल रही है, 17 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है।
गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पूरा मामला फर्जी दस्तावेज से जुड़ा हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंडिया गठबंधन के लिए डिनर होस्ट करने जा रहे हैं, 7 अगस्त को वे एकजुटता का बड़ा संदेश देने वाले हैं। आगे की रणनीति पर भी तब चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस सांसद और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा, “… चुनाव आयोग के संबंध में सदन में फैसला होना चाहिए। सरकार चुनाव आयोग का पक्ष रखेगी और हम जनता का पक्ष रखेंगे। चुनाव आयोग के अध्यक्ष को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने चुना है और अगर आप उनका ट्रैक रिकॉर्ड देखेंगे, तो आपको पता चल जाएगा कि उन्हें क्यों चुना गया है…”
AAP सांसद संजय सिंह से मुलाकात के बाद पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी ने कहा, “… वे(संजय सिंह) उन चंद नेताओं में से हैं जो सच के साथ खड़े होते हैं। उन्होंने संसद में हमारी समस्याओं को पूरी ताकत से रखा… मुझे उम्मीद है कि वे आगे भी हमारी मांगों के साथ खड़े रहेंगे… मैंने प्रधानमंत्री को 2 पत्र लिखे हैं (पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और पीड़ितों को ‘शहीद’ का दर्जा देने की मांग करते हुए)। यह दलीय राजनीति का मामला नहीं है। यह एक राष्ट्रीय मुद्दा है।”