दिल्ली में रविवार को भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। जून महीने में पहली बार राजधानी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा। दिल्ली में अगले तीन-चार दिनों में तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दिल्ली में मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। IMD ने कहा कि अगले चार दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों को अगले तीन दिनों तक परेशान करेंगी। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9-11 जून के दौरान हीटवेव चलने की संभावना जताई है। वहीं, बिहार में मंगलवार तक गर्मी और सताएगी। राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी के आसार है। उम्मीद है कि राज्य में मानसून अपने निर्धारित समय पर पहुंचेगा। प्रदेश में मानसून प्रवेश की तारीख 13 से 15 जून के बीच है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई जिलों में 9 जून को लू की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में मौसम विभाग ने 12 जून को हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कई जिलों में लू की स्थिति देखने को मिलेगी। सोमवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, फतेहपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, औरेया और महोबा में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 9 से 11 जून के बीच प्रदेश के दक्षिणी एवं पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं लू चलने की प्रबल संभावना है। आगरा, ब्रज और बुंदेलखंड क्षेत्र में धूल भरी हवाओं के साथ लू की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के विंध्य, कानपुर और वाराणसी क्षेत्रों में भी 9-10 जून को लू के हालात बन सकते हैं।
दिल्ली में 16 मई के बाद लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 22 दिनों बाद रविवार को यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री पार कर गया, जबकि हीट इंडेक्स 47.2 डिग्री रहा। दिल्ली में लोगों ने 47 डिग्री से ऊपर की गर्मी का एहसास किया। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन आसमान साफ रहने के संकेत दिए हैं।
तेलंगाना से सटे मराठवाड़ा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
असम में सोमवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और राज्य के छह जिलों में करीब 2.6 लाख लोग बाढ़ से पीड़ित हैं, जबकि राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर घट रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लगभग सभी जलमग्न इलाकों से बाढ़ का पानी कम हो रहा है, राज्य के अधिकतर हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश नहीं हुई है।
रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस जून में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 219 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
आईएमडी ने सोमवार को दिल्ली में भीषण गर्मी रहने और तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सुबह-सुबह तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार, अगले तीन दिनों में तापमान के और भी बढ़ने की संभावना है, जो संभवतः 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में कम से कम चार दिनों तक गर्मी और उमस की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है, जिसके लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
बिहार में मंगलवार तक गर्मी और सताएगी। राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार है। वहीं मानसून के लिए 11 जून से अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
पूरे उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार में गर्मी और उमस को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के मध्य और पश्चिम भागों के जिलों में गर्म और उमस भरा दिन रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में लगातार डेढ़ महीने से चल रहे आंधी बारिश के बीच एक बार फिर से गर्मी बढ़ रही है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक-दो दिन में गर्मी और बढ़ेगी।
12 जून को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। सुबह के समय तेज हवाएं चलने की उम्मीद है, बारिश का अनुमान भी लगाया गया है।
राजधानी लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर, और बाराबंकी में भयंकर गर्मी का दौर जारी है, इस बीच मौसम विभाग ने चारों जिलों के लिए आने वाले चार दिन भी मुश्किल बता दिए हैं।
दिल्ली में जून महीने में पहली बार तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार राजधानी में लोग भीषण गर्मी से त्रस्त चल रहे हैं।
आईएमडी के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश एवं पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है।
मौसम विज्ञान ने बताया है कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघायल में 11-14, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम में 10 से 13 जून तक भारी बारिश हो सकती है।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब-हरियाणा और दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में अगले 4-5 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। तापमान तेजी से बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार 12 जून 2025 के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेगा और कई स्थानों पर तेज बारिश होगी।
समय से पहले पहुंचा मानसून का असर महाराष्ट्र में साफ दिख रहा है। आज मुंबई समेत राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। पुणे में भी हालात बिगड़ गया है।
यूपी में 11 जून के बाद फिर से बारिश होने की संभावना है। पूरे प्रदेश में इस समय चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी पड़ रही है। हवा में नमी की वजह से उमस भी काफी तेज है।
उत्तर प्रदेश में तेज धूप और भीषण गर्मी के साथ रात में उमस ने लोगों को परेशान कर दिया है। शनिवार को यूपी में सबसे अधिक गर्मी प्रयागराज में रही। वहां 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि यह दौर अगले कुछ दिन तक जारी रहेगा।
राजस्थान के उत्तर-पश्चिम में कई शहरों में तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है। बीकानेर संभाग और शेखावटी में 10 जून तक अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है।
झारखंड में मानसूनी बारिश का असर जारी है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। तापमान 26 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अगले 48 घंटे तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में भीषण गर्मी का दौर जारी है। तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लू चल रही है और धूप बेहद तेज़ है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जून के बाद हल्की बारिश की संभावना है जिससे राहत मिल सकती है। फिलहाल, गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है।
बिहार में गर्मी तेज हो गई है। राजधानी पटना में दिन का तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक रहा है, जबकि रात का तापमान भी 29 से 30 डिग्री तक बना हुआ है। इससे लू लगने और पानी की कमी से कमजोरी जैसी परेशानी हो सकती है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में 6 से 10 जून तक मौसम सूखा रहने की उम्मीद है। हालांकि, सीमांचल के कुछ पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की फुहारें गिर सकती हैं।
मध्य प्रदेश में उमस और गर्मी की लहर तेज है। भोपाल में दिन का तापमान करीब 40°C और रात का लगभग 26°C दर्ज हुआ है। सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो में 42.2°C तक पहुंचा।