Delhi-NCR: इस हफ्ते उत्तर भारत से लेकर महाराष्ट्र और दक्षिण भारत तक तेज बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों की ज़िंदगी मुश्किल कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में सोमवार को बारिश हो सकती है। बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत भी मिल सकती है। वहीं हिमाचल और उत्तराखंड दोनों राज्यों के कई इलाकों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में मंडी, सिरमौर और कुल्लू जैसे जिलों में हालात सबसे ज़्यादा बिगड़े हैं। यहां लगातार हो रही बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 लोग लापता हैं। 110 से ज्यादा लोग घायल हैं। मंडी जिले में 17 लोगों की जान गई है, कई घर ढह गए हैं और पुल व सड़कें बह गईं। राज्य को करीब 700 करोड़ रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
उत्तराखंड में भी हालात चिंताजनक हैं। जून महीने में ही बारिश से जुड़ी घटनाओं में 65 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 45 सड़क हादसों और 20 भूस्खलन या बाढ़ जैसे हादसों में मारे गए। 18 लोग अब भी लापता हैं। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी उफान पर है और मंदिरों तक पानी पहुंच गया है। ऊंचे इलाकों में रहने वाले लोग खौफ में हैं। रास्ते टूटने और भूस्खलन के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
दक्षिण भारत और महाराष्ट्र में भी बारिश कहर बनकर टूटी है। मुंबई, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है। बिजली लाइनें टूट गईं, फसलें खराब हो गईं और घरों में पानी घुस गया। मौसम विभाग ने 4 से 9 जुलाई तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और तेज हवाएं, बिजली गिरने और भूस्खलन की चेतावनी दी है। सरकार ने राहत-बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और पहाड़ी इलाकों से दूर रहें।
पटना और भोपाल में मानसून का असर साफ दिख रहा है। पटना में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे उमस में थोड़ी राहत मिली है। वहीं भोपाल में भी मौसम सुहावना बना हुआ है, गरज के साथ बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी है।
नोएडा और गाजियाबाद में मौसम लगातार बदल रहा है। बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। हालांकि उमस अब भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।
झारखंड के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक धनबाद, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, गढ़वा, पलामू और चतरा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ ही वज्रपात और तेज हवा के भी चलने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि यह सिलसिला 10 जुलाई तक जारी रह सकता है।
उत्तराखंड में आज दिन भर बादल छाए रहेंगे। राजधानी देहरादून, मसूरी समेत कई शहरों में हल्की बारिश की संभावना है। रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी अगले 5 दिनों तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में इसका जोर ज्यादा रहेगा। मौसम विज्ञानियों ने 48 जिलों में बिजली चमकने की संभावना जताई है।
बिहार के अधिकतर शहरों में शुक्रवार से बारिश थम गई है और तापमान में कुछ इजाफा हुआ है। राज्य में गोपालगंज में सबसे अधिक 37.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।