Delhi-NCR: इस हफ्ते उत्तर भारत से लेकर महाराष्ट्र और दक्षिण भारत तक तेज बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों की ज़िंदगी मुश्किल कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में सोमवार को बारिश हो सकती है। बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत भी मिल सकती है। वहीं हिमाचल और उत्तराखंड दोनों राज्यों के कई इलाकों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में मंडी, सिरमौर और कुल्लू जैसे जिलों में हालात सबसे ज़्यादा बिगड़े हैं। यहां लगातार हो रही बारिश और अचानक आई बाढ़ के कारण अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 लोग लापता हैं। 110 से ज्यादा लोग घायल हैं। मंडी जिले में 17 लोगों की जान गई है, कई घर ढह गए हैं और पुल व सड़कें बह गईं। राज्य को करीब 700 करोड़ रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
उत्तराखंड में भी हालात चिंताजनक हैं। जून महीने में ही बारिश से जुड़ी घटनाओं में 65 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 45 सड़क हादसों और 20 भूस्खलन या बाढ़ जैसे हादसों में मारे गए। 18 लोग अब भी लापता हैं। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी उफान पर है और मंदिरों तक पानी पहुंच गया है। ऊंचे इलाकों में रहने वाले लोग खौफ में हैं। रास्ते टूटने और भूस्खलन के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया है।
दक्षिण भारत और महाराष्ट्र में भी बारिश कहर बनकर टूटी है। मुंबई, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है। बिजली लाइनें टूट गईं, फसलें खराब हो गईं और घरों में पानी घुस गया। मौसम विभाग ने 4 से 9 जुलाई तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और तेज हवाएं, बिजली गिरने और भूस्खलन की चेतावनी दी है। सरकार ने राहत-बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है और लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और पहाड़ी इलाकों से दूर रहें।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में मानसून आने के बाद अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है। बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाओं से 47 लोगों की मौत हुई है। वहीं 100 से अधिक लोग घायल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में सोमवार को बारिश हो सकती है। बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत भी मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल के अधिकांश इलाकों में भी गरज के साथ बारिश के आसार हैं। पुरुलिया, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों के कुछ हिस्सों में सात से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में मानसून का दौर जारी है। सोमवार के लिए भी प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भरतपुर और धौलपुर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार एक हफ्ते तक पूरे उत्तर भारत में मॉनसून का असर देखने को मिलेगा। यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं।
दिल्ली एनसीआर में रविवार दोपहर बारिश हुई लेकिन शाम तक उमस से लोगों का बुरा हाल है। बारिश के बाद उमस बढ़ गई है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से हालात बिगड़ गए। मंडी जिले में अकेले 176 समेत कुल 240 सड़कें बंद हो गई हैं। कांगड़ा, सिरमौर और मंडी जिलों में बहुत भारी से बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के 8 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। कई जिलों में गर्जन और तेज हवाओं के साथ ओले पड़ने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ अभी झारखंड के डालटनगंज से गुजर रहा है।
डीएसपी मनाली, केडी शर्मा ने बताया है कि कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रे के राहनीनाला के पास एक कार सड़क से फिसलकर नीचे खाई में गिर गई। इसमें चार लोगों की मौत हो गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। बचाव अभियान अभी भी जारी है। मृतकों और घायलों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
पंजाब के होशियारपुर में लगातार बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बताया कि मंडी जिले के पधर उपमंडल के अंतर्गत चौहारघाटी में कोरटांग के पास नाले में बाढ़ आने से तीन पुलिया बह गईं और जमीन का एक हिस्सा भी बह गया।
उत्तराखंड में लगातार बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में रेड अलर्ट जारी किया है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील हैं।
बिहार की राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ आंशिक वर्षा की संभावना बनी रहेगी। गर्म हवाओं और उमस के साथ भारी बादलों के कारण बिजली गिरने की भी आशंका है। राज्य के अन्य शहरों में भी हालात ऐसे ही रहेंगे।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अगले सात दिनों तक आंशिक बादल, गरज‑चमक और कभी‑कभी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। तापमान लगभग 32–35 °C के बीच रहेगा, लेकिन सप्ताह के अंत में 37 °C तक भी पहुँच सकता है। रात के तापमान में कुछ हल्की गिरावट भी होगी, जो 27–30 °C तक बनी रहेगी। उमस भरा यह मौसम रहेगा, इसलिए दिन में हल्के कपड़े पहनें, बाहर निकलने के समय बारिश से बचाव के साधन रखें और पानी खूब पीते रहें।
मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम बेहद उमस भरा और गर्म बना हुआ है। दिन में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच रहा है, जबकि रातें थोड़ी राहत देती हैं। पूर्वी और दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन पश्चिमी और मध्य हिस्सों में सूखा माहौल है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में अगले कुछ घंटों में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की चौहार घाटी स्थित सिल्ह बुधनी पंचायत में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। तेज बहाव वाले नाले ने करोड़ों रुपये की लागत से बने पुल और पेयजल योजना के पानी के टैंक को बहा लिया।
उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर और बरेली में मेघगर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में जलभराव, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हिमाचल प्रदेश में आज कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। शिमला, मंडी, कुल्लू और सिरमौर में दोपहर बाद और शाम को बारिश तेज हो सकती है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पहाड़ी इलाकों में फिसलन और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, सतर्क रहें।
यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश की संभावना जात दी गई है। कल रविवार को मौसम और ज्यादा बिगड़ सकता है। तेज हवाओं की भी उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश की वजह से तबाही मच रही है। उफनती नदियों से 14 पुल बह चुके हैं। प्रदेश की 500 सड़कें पूरी तरह से बंद चल रही हैं।
राजस्थान में बारिश कई रिकॉर्ड तोड़ रही है, कई इलाकों में जलभराव भी हो चुका है। एक जून से अभी तक 167.1 एमएम बारिश हुई है।
यूपी के काशी में भी बारिश का असर दिखने लगा है, मणिकर्णिका घाट के ज्यादातर शवदाह इस समय गंगा नदी में डूब चुके हैं। छतों पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश के 20 शहरों में भारी बारिश देखने को मिल रही है, मौसम विभाग ने पहले ही इसका अनुमान लगा दिाय था। लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
तमिलनाडु, केरल, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, असम और मेघालय, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, कोंकण, बिहार, हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर 40-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज़/तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है।
उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में अगले 6-7 दिनों के दौरान, वहीं पूर्वी भारत में 07 जुलाई तक भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 जुलाई, हिमाचल प्रदेश में 6 जुलाई और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 6 और 7 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
आईएमडी ने दिल्ली में शनिवार और रविवार को सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने कहा कि शनिवार सुबह 10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 82 रहा जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
आईएमडी ने रविवार को झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया। आईएमडी ने बुलेटिन में कहा कि गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने बताया कि इन जिलों में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे के बीच मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान लोहरदगा, रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश का अनुमान है।
राजस्थान में दक्षिण पश्चिमी मानसून की सक्रियता जारी है और विशेषकर पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश हो रही है। बीते चौबीस घंटे में बूंदी के इंद्रगढ़ में सबसे अधिक 144 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। मौसम केंद्र ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व उदयपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी तीन से चार दिन बारिश की गतिविधियां जारी रहने व कहीं-कहीं भारी से अति-भारी बारिश होने की संभावना है।