असम में बाढ़ की स्थिति बुधवार को भी बहुत गंभीर बनी हुई है और लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर बढ़ गया और नए इलाके जलमग्न हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ब्रह्मपुत्र सहित सात नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।
उधर, मौसम विभाग ने दिल्ली समेत देश के अन्य राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। मेघालय और अरुणाचल प्रदेश जैसे इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनने की आशंका है। दक्षिण भारत में भी मानसून सक्रिय है। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में मध्यम से भारी बारिश हो रही है।
दिल्ली में बादल छाए हुए हैं। एनसीआर में कई जगह तेज हवाएं चल रही हैं। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। यूपी के कई शहरों में मंगलवार को तेज बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यूपी के कई हिस्सों में आज भी गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। लखनऊ सहित 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तेज़ हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। दिन का तापमान 32°C से 36°C के बीच रहने की संभावना है, जबकि रात का तापमान 25°C के आसपास रहेगा।
इंफाल के कई इलाके भारी बारिश के बाद बाढ़ में डूब गए हैं। मणिपुर फायर सर्विस, असम राइफल्स, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ फंसे हुए निवासियों को बचा रहे हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 जून को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की पूरी संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुई.
