दिल्ली समेत उत्तर भारत के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ कोहरा भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक,पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे अगले दो से तीन दिन में एक बार फिर ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने का अनुमान नहीं है और इसके बाद यह धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री तक बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक 21 से 23 जनवरी तक दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है।

यूपी में कल का मौसम?

यूपी में एक बार फिर बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 19 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। उत्तरी मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 21 से 23 जनवरी तक बारिश की संभावना बन रही है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में कहाड़े की ठंड के साथ शीतलहर और कोहरे का अटैक जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। आईएमडी के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद ऐसे ही 21 और 22 जनवरी को भी मौसम विभाग के मुताबिक तेज बारिश से एनसीआर के लोगों का सामना होगा और दोनों ही दिन अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।

बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में शीतलहर और कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश की भी संभावना बन रही है। रविवार को सुबह कुछ जिलों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, पश्चिमी चंपारण, सीवान, छपरा समेत 26 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान सबसे कम तापमान रोहतास में 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा है।

एमपी का मौसम कैसा रहेगा?

मध्य प्रदेश में इन दिनों सर्द हवाएं चल रही हैं। सर्द हवाओं के कारण रविवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। एक पश्चिमी बन रहा है जिसका असर देखने को मिलेगा। एक नया पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़कर आगे बढ़ गया है। इस वजह से एक बार फिर उत्तर भारत की तरफ से सर्द हवा चलने लगी है। इसके चलते मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ी है। ग्वालियर-चंबल में अगले 2 दिन कोहरा रहेगा जबकि भोपाल, इंदौर-उज्जैन में बादल छाए रहेंगे।

पंजाब-हरियाणा का मौसम कैसा रहेगा?

पंजाब में घना कोहरा और ठंड लोगों को परेशान कर रही है। पंजाब का तापमान करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी होने से लोगों को शीतलहर से कुछ राहत मिली है। हालांकि रविवार के लिए पंजाब के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, पटियाला और मलेरकोटला में कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब में एक बार फिर बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसका असर 19 जनवरी को देखने को मिलेगा। 21 और 22 जनवरी को पंजाब के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वही हरियाणा में भी मौसम विज्ञानियों ने कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?

झारखंड में 19 जनवरी तक राज्‍य के कुछ इलाकों में सुबह में हल्‍के से मध्‍यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद आसमान साफ रहेगा। रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला और लोहरदगा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान हैं। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा हैं। हालांकि 19 और 20 जनवरी के बीच तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन में हल्की गर्मी का अहसास होगा लेकिन ठंड का असर अगले कुछ दिनों तक कम नहीं होने वाला हैं। अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा लेकिन 22 जनवरी के आसपास दूसरा पश्चिमी विक्षोम राज्य पर असर दाल सकता है, जिससे कुछ बदलाव संभव हैं।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी है। जयपुर सहित प्रदेशभर में शीतलहर के साथ गलनभरी सर्दी के अहसास से आमजन परेशान है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। राज्य में कई जगह न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया है। वहीं माउंट आबू में न्यूनतम पारा 0.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान के अधिकांश इलाकों में अगले तीन से चार दिन मौसम शुष्क रहेगा। 21 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इससे सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं।

कश्मीर में कैसा मौसम है?

कश्मीर घाटी में बर्फबारी थमने के बाद मौसम में सुधार हुआ है लेकिन ठंड से राहत नहीं है। गुलमर्ग समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हैं। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात बहाल है। मौसम साफ होने से रेल सेवाएं भी बहाल हो गई हैं। पहलगाम में तो न्यूनतम तापमान माइनस करीब 12 तक पहुंच गया है। गुलमर्ग समेत उच्च पर्वतीय इलाकों में 2-4 इंच बर्फबारी के कारण अनंतनाग-किश्तवाड़ रोड, कुपवाड़ा-करनाह तथा बांडीपुर गुरेज, मुगल रोड दूसरे दिन भी बंद रहा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात बहाल रहा। वहीं अगले चौबीस घंटों के दौरान जम्मू संभाग में मौसम साफ रहने के साथ शाम के समय आंशिक बादल छाएंगे। उसके बाद 20 से 23 जनवरी तक बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होगी।