दिल को दहलाने वाली घटना में एक जन्मांध 75 वर्षीय बुजुर्ग को एक तेंदुए ने उस समय अपना शिकार बना लिया जब वह चेन से बंधा हुआ था। बुजुर्ग के शरीर के कुछ हिस्सों को खाने के बाद तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। घटना गुजरात के अमरेली जिले में गिर ईस्ट डिवीजन में स्थित ढलखानिया रेंज में हुई है।
मृतक की पहचान मनु सावलिया के रूप में हुई है। अमृतपुर गांव में रहने वाला मनु दिमागी तौर पर भी अपरिपक्व था। वह अक्सर गांव के लोगों को काट लेता था। दृष्टिहीन होने की वजह से एक बार वह कुएं में भी गिर पड़ा था। परिजनों ने उसे फार्महाउस पर चेन के जरिए बिस्तर से बांध दिया था, ताकि वह खुद को या दूसरों को नुकसान न पहुंचा सके।
घटना वाले दिन उसके परिजन सूरत में एक शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। उसकी देखभाल का जिम्मा नजदीकी रिश्तेदार के साथ एक नौकरानी पर था। बताया जाता है कि रिश्तेदार और नौकरानी सुबह 4 बजे जब खेतों में गए थे तब तेंदुए ने फार्म हाउस पर धावा बोल दिया। मनु चेन से बंधा होने की वजह से जानवर का प्रतिरोध नहीं कर पाया।
मनु के पड़ोसी इलियास का कहना है कि वह बेहद चुस्त था। वह अकेला 3-4 लोगों से लड़ सकता था। अगर उसके हाथ न बंधे होते तो वह तेंदुए को हरा सकता था। उसका कहना है कि मनु दिमागी तौर पर अपरिपक्व था। इस वजह से वह गांव के लोगों से अक्सर उलझ जाता था।
उधर, फारेस्ट ऑफिसर का कहना है कि उन्हें पता चला है कि एक बुजुर्ग को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अगर रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि मनु को चेन से बांधा हुआ था तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि तेंदुए की धरपकड़ के लिए एक पिंजड़ा लगा दिया गया है।