इस्‍लामिक स्‍टेट (ISIS) से प्रभावित जम्मू-कश्मीर में 9 नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर गैर कानूनी गतिविधियों जैसे- पत्‍थरबाजी, पेट्रोल बम फेंकना और ISIS का झंडा लहराने के आरोप हैं। खबर है कि गिरफ्तार किए गए लड़कों में से तीन हथियार चलाने की ट्रेनिंग के लिए बॉर्डर पार पाकिस्तान जाने की तैयारी में थे। जानकारी के मुताबिक, ये नाबालिग लड़के वॉट्सएप्‍प ग्रुप के जरिए उत्‍तरी अफ्रीका के एक शख्‍स के संपर्क में आए, जिसने इन्‍हें कट्टर बनाया। फिलहाल, इन सभी को करेक्शन होम में रखा गया है।

गुरुवार को कश्मीर में गिरफ्तार किए गए ये सभी नाबालिग 15 से 17 साल की उम्र के हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन्हें कई बार, भारत विरोधी प्रदर्शनों में आईएस के झंडे लहराते देखा गया था। खुफिया एजेंसियों की इन पर लंबे समय से नजर थी। ये लड़के जिस वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़े थे उसका नाम ‘अल हयात’ बताया जा रहा है। इसी ग्रुप के जरिए नार्थ-अफ्रीका के एक व्यक्ति ने इन सभी नाबालिगों को कट्टरपंथी बनाया और इनका ब्रेनवॉश किया।

पिछले दिनों जयपुर से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के मार्केटिंग मैनेजर सिराजुद्दीन को आईएसआईएस का एजेंट होने के शक में अरेस्ट किया गया था। इसके बाद मुंबई से हाल ही में तीन लड़के लापता हुए। इनमें से एक को पकड़ लिया गया। ये तीनों ISIS में शामिल होने जा रहे थे। जयपुर से गिरफ्तार शख्‍स पहले ही खुलासा कर चुका है कि उसने पुणे की एक लड़की को भी उकसाया था। वह भी सीरिया जाने की तैयारी में थी, लेकिन एटीएस ने उसे ऐसा करने से रोक दिया।