7th Pay Commission: सातवें वेतन आयोग के तहत हिमाचल प्रदेश के 18 हजार सरकारी कर्मचारियों के लिए गुड न्यूज है। बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश के राज्य विद्युत बोर्ड ने अपने 18 हजार कर्मचारियों को 4 प्रतिशत डीए बढ़ाने के लिए अधिसूचित कर लिया है। ऐसे में उन्हें अक्टूबर महीने से ही बढ़ी हुई सैलरी मिलने लगेगी। साथ ही, जनवरी से जुलाई तक बकाया डीए भी मिलेगा। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में करीब 2.5 लाख सरकारी कर्मचारी हैं। गौरतलब है कि केंद्र सरकार के कर्मचारी अब भी महंगाई भत्ते (डीए) में इजाफे का इंतजार कर रहे हैं और हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को गुड न्यूज मिल चुकी है।
सितंबर में मिलेगा अगस्त का बकाया: जानकारी के मुताबिक, राज्य विद्युत बोर्ड ने सितंबर की तनख्वाह में अगस्त महीने का बकाया डीए जोड़ने की जानकारी भी दी है। हालांकि, पेंशन लेने वालों को 6 महीने का बकाया डीए एकमुश्त रकम में दिया जाएगा, जिसके लिए पहले अधिसूचना जारी होगी। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी अगस्त के आखिरी सप्ताह में राज्य के करीब 2.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को डीए में इजाफे का तोहफा देने की घोषणा कर चुके हैं।
हिमाचल में इतने सरकारी कर्मचारी: हिमाचल प्रदेश के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2017 तक राज्य में 1.75 लाख से अधिक नियमित कर्मचारी बताए गए थे। वहीं, गैर-नियमित कर्मचारियों की संख्या 42,000 से अधिक थी। बता दें कि हिमाचल प्रदेश पंजाब वेतन आयोग की सिफारिशों का पालन करता है। फिलहाल पंजाब में 7वें वेतन आयोग की रिपोर्ट की सिफारिशें लागू नहीं हुई हैं। ऐसे में हिमाचल प्रदेश सरकार का कहना है कि वह पंजाब में 7वां वेतन आयोग लागू होने के बाद ही इसे लागू करेगी।
कुल 148 प्रतिशत मिलेगा डीए: जानकारों का कहना है कि महंगाई भत्ते की 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ हिमाचल प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को कुल 148 प्रतिशत डीए मिलेगा। इसकी वजह महंगाई भत्ते की दर है, जो जुलाई 2018 से अब तक 144 प्रतिशत बढ़ चुकी है। हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए यह खबर इसलिए खास है, क्योंकि केंद्र सरकार के कर्मचारी जुलाई 2019 से अब तक 5 प्रतिशत डीए बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि केंद्र सरकार सितंबर में इसकी घोषणा कर देगी।