अमरनाथ यात्रा के पहले तीन दिन में लगभग 24,000 श्रृद्धालुओं ने दक्षिण कश्मीर स्थित अमरनाथ गुफा में हिमलिंग के दर्शन किए। अधिकारियों ने बताया कि 1,842 श्रृद्धालुओं का चौथा जत्था आज यात्रा के लिए रवाना हुआ।
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि, ‘‘यात्रा शुरू होने के बाद से आज सुबह तक करीब 24,000 श्रृद्धालुओं ने पवित्र हिमलिंग के दर्शन किए हैं।’’
कल लगभग 15,000 श्रृद्धालु यहां पहुंचे थे और अब तक 23,787 श्रृद्धालु गुफा में दर्शन के लिए आ चुके हैं।
अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच चौथा जत्था आज सुबह भगवती नगर आधार शिविर से सुबह 4.40 बजे दर्शन के लिए रवाना हुआ।
यह जत्था जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित उधमपुर से आगे निकल चुका है और बालटाल तथा पहलगाम के आधार शिविरों में आज शाम तक पहुंच जाएगा।