उत्तराखंड के चमोली जिले के चमोली कस्बे में नमामि गंगे परियोजना के पास जल-मल शोधन संयंत्र में बुधवार को बिजली का करंट फैलने के बाद उसकी चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए हैं। छह घायलों में से दो की हालत गंभीर है, जिन्हें ऋ षिकेश के एम्स अस्पताल में भर्ती किया गया है हेलिकाप्टर से दोनों लोगों को चमोली से ऋषिकेश एम्स लाया गया।
बताया गया कि संयंत्र पर 22 कर्मचारी काम कर रहे थे। मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए हैं तथा साथ ही मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख तथा घायलों को एक-एक लाख मदद देने की घोषणा की। चमोली के पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि यह घटना सुबह 11:15 बजे के लगभग हुई।
घटना के समय नमामि गंगे परिसर में जल-मल शोधन संयंत्र में कार्य चल रहा था और अचानक वहां पर जनरेटर में विस्फोट हो गया और चारों ओर करंट फैल गया। वहां काम कर रहे 22 लोग करंट की चपेट में आ गए, जिनमें से 16 की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार होने वालों में एक पुलिस दारोगा और तीन होमगार्ड भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि इससे पहले मंगलवार रात को करंट फैलने से परियोजना में कार्यरत एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि इसी मृतक का पंचनामा करने के दौरान उसी स्थान पर फिर से करंट फैल गया और मौके पर प्रशासन और पुलिसकर्मियों के साथ ही कुछ तमाशबीन भी इसकी चपेट में आ गए। झुलसे लोगों को हेलिकाप्टर से ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराने के लिए लाया जा रहा है। उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है, वहीं उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री मौके पर पहुंच गए हैं और उन्होंने अस्पताल में जाकर घायलों का हालचाल जाना।
हादसे में इनकी जान गई
उप निरीक्षक प्रदीप रावत चौकी पीपलकोटी, होमगार्ड मुकुंद राम निवासी हरमानी चमोली, होमगार्ड गोपाल निवासी ग्राम रूपा चमोली, होमगार्ड सोबत लाल निवासी ग्राम पाडुली, सुमित सिंह अस्वाल निवासी ग्राम रांगतोली चमोली, सुरेंद्र निवासी हरमानी चमोली, देवी लाल निवासी हरमानी, योगेंद्र सिंह निवासी हरमानी, सुरेंद्र सिंह निवासी हरमानी, विपिन निवासी पाटोली गोपेश्वर, मनोज कुमार निवासी हरमानी, सुखदेव ग्राम रंगतोली, चमोली, प्रमोद कुमार निवासी हरमानी, दीपू कुमार निवासी हर्मनी, महेंद्र लाल निवासी हरमानी, गणेश निवासी हरमानी।