उम्र बढ़ने के साथ-साथ कई तरह की परेशानियां भी बढ़ जाती है जैसे कमर दर्द, आंखों के नीचे काले घेरे, भूलने की आदत या थकान। ये सारे उम्र बढ़ने के कुछ लक्षण हैं। इन सभी के कारण आप 40 की उम्र में भी 60 की तरह महसूस करने लगते हैं। योगासन कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं में राहत देने के लिए कारगर है और इसके नियमित अभ्यास से आप खुद को बेहतर सेहत दे सकते हैं। इतना ही नहीं बल्कि अगर आप सप्ताह में तीन से चार बार योग करते हैं तो आप उम्र बढ़ने के इन लक्षणों से राहत पा सकते हैं और अपनी उम्र से ज्यादा जवां महसूस कर सकते हैं। आइए जानते हैं अपनी उम्र से कम और जवां महसूस करने के लिए कौन से योगासन करें।

वृक्षासन:
इसे करने के लिए अपने पैरों को मिलाकर खड़े हो जाएं और अपने दोनों हाथों को जोड़कर सीने के पास लाएं। अब अपने उल्टे पैर पर शरीर का सारा भार लेकर सीधे पैर को उल्टे पैर की पिंडलियों पर रखें। इस अवस्था में थोड़ी देर तक रुकें और सांस ले व छोड़ते रहें। थोड़ी देर के बाद दूसरी तरफ से करें।

अर्धमत्स्येन्द्रासन:
अपने सीधे पैर को अपने उल्टे पैर के नीचे और कूल्हे के पास रखें। अब सीधे पैर को अपने उल्टे पैर के घुटने के पास लाकर रखें। इस दौरान कमर को सीधे रखें और अपने उल्टे हाथ को अपने पीछे कूल्हे के पास जमीन पर रखें। इस दौरान सांस लेते रहें। दूसरे हाथ को अपने चेहरे के सामने सीधा रखें।

बालासन:
बालासन करने के लिए अपने घुटनों को मोड़कर जमीन पर बैठ जाएं। अपने कूल्हों को पैरों पर टिकाएं। अब अपने सिर को नीचे की ओर झुकाते हुए जमीन पर रख दें और सीने को अपनी जांघों पर रखें। अपने दोनों हाथों को अपने सिर के सामने सीधा करके रखें। इस अवस्था में थोड़ी देर के लिए रुकें।

विपरीता करनी आसन:
इस आसन को आपको दीवार के सहारे करना है। अपने घर की किसी भी दीवार के सहारे जमीन पर लेट जाएं। अपने कूल्हों को दीवार से मिलाएं और अपने दोनों पैरों को ऊपर उठाते हुए दीवार पर रख दें। अब धीरे-धीरे अपने पैरों को दीवार पर ऊपर की ओर बढ़ाएं और अपने कूल्हों को उठाएं। अब अपने दोनों हाथों को कूल्हों पर रखें। इस दौरान धीरे-धीरे सांस लेते रहें और छोड़ते रहें।

(और Lifestyle News पढ़ें)