आजकल कमर दर्द लोगों में एक आम समस्या की तरह है। दिन भर ऑफिस में बैठकर काम करने से या फिर भारी बोझ उठाने की वजह से कमरदर्द की शिकायत होती है। इस दर्द से निपटने के लिए बाजार में कई तरह के दर्द निवारक क्रीम्स मौजूद हैं लेकिन अगर आप इसका प्राकृतिक और स्थायी समाधान चाहते हैं तो आपको योग के ये आसन जरूर करने चाहिए।

कंधरासन – इसे करने के लिए सबसे पहले घुटनों को नितंबों के पास रखते हुए पीठ के बल लेट जाइए। हाथ कमर के पास सीधे रखिए। फिर नितंबों को ऊपर उठाइए। सांस को रोक कर रखिए। इसके बाद नितंबों को वापस लाते समय सांस छोड़िये और पूर्व स्थिति में आ जाइए। इस क्रिया को 10 बार कीजिए।

हस्त पादागुष्ठान – इसके लिए सबसे पहले पैर सीधे करके पीठ के बल लेट जाइए। दोनों हाथों को T स्थिति में रखिए। सांस छोड़ते हुए एक पैर का घुटना सीधा रख कर दूसरी ओर के हाथ के समानांतर ले जाइए। सिर दूसरी दिशा में घुमा लीजिए। थोड़ी देर इसी स्थिति में रहिए। फिर सांस लेते हुए सामान्य स्थिति में आ जाइए। ऐसे ही दूसरी ओर से इसको दोहराइए।

भुजंगासन – भुजंगासन के लिए पेट के बल जमीन पर लेट जाइए। दोनों पैर सीधे करके मिला लीजिए। फिर दोनों हाथों को चेहरे के सामने रख लीजिए। दोनों हाथ की उंगलियों को पान का आकार दीजिए। उस आकार में अपनी ठोड़ी को रख लीजिए। सांस भरते समय धीरे-धीरे दोनों हाथों को सीधा कीजिए। कुछ समय तक इसी स्थिति में रुकिए। फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए पूर्व स्थिति में आ जाइए।

मकरासन – मकरासन करने के लिए पेट के बल सपाट लेट जाइए। कुहनियों के सहारे सिर और कंधों को उठाइए और हथेलियों पर ठोड़ी को टिका दीजिए। आंखों को बंद करके पूरे शरीर को ढीला छोड़ दीजिए।

तानासन – इसके लिए जमीन पर आसन बिछाएं व कमर के बल उस पर लेट जाएं। एड़ी-पंजे मिले रहें व हथेलियां जमीन पर जंघाओं की बगल में टिकी रहें। श्वांस भरते हुए हाथों को सिर के ऊपर ले जाएं और हथेलियां आपस में जोड़ लें। पूरे शरीर में खिंचाव महसूस करें। कमर से ऊपर का भाग ऊपर की ओर खींचें व नीचे का नीचे की ओर। फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए हाथों को वापस ले आएं।