Detox Yoga Poses: बदलती लाइफस्टाइल, अनियमित खानपान और तनावपूर्ण जीवनशैली के कारण शरीर में विषैले तत्व जमा हो जाते हैं। ये न सिर्फ सेहत को प्रभावित करते हैं, बल्कि इससे मानसिक संतुलन भी बिगड़ता है। वैसे तो खान-पान सहित कई चीजों में बदलाव कर आप बॉडी को डिटॉक्स कर सकते हैं।

अगर आप नेचुरल तरीके से बॉडी को डिटॉक्स करना चाहते हैं, तो इसमें योगासन अहम भूमिका निभा सकता है। दरअसल, योग बॉडी को आसानी से और नेचुरल तरीके से डिटॉक्स करता है। योग करने से पाचन तंत्र तो बेहतर होता ही है, इससे मेटाबॉलिज्म भी बेहतर बनता है। ऐसे में अगर आप भी अपनी बॉडी को नेचुरल तरीके से डिटॉक्स करना चाहते हैं, तो हम आपके लिए कुछ योगासन और उन्हें करने की विधि के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप आसानी से फॉलो कर सकते हैं।

1. पवनमुक्तासन

आप पवनमुक्तासन योग को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें। यह आसन पेट को बेहतर करने के साथ-साथ पाचन तंत्र को सक्रिय करता है। यह गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत देता है और शरीर में जमे हुए विषैले पदार्थों को बाहर निकालता है।

कैसे करें पवनमुक्तासन?

पवनमुक्तासन को करने के लिए आप सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं। अब अपने दोनों घुटनों को मोड़ें और छाती की ओर लाएं। हाथों से घुटनों को पकड़ें और सिर उठाकर घुटनों से मिलाएं। कुछ समय तक ऐसे ही बने रहें और फिर धीरे-धीरे वापस आएं। आप इस योगासन को 3-5 बार दोहराएं। आप खाना खाने के बाद इस आसन को न करें। आप सिर्फ खाली पेट ही इस योग को करें।

2. अर्ध मत्स्येन्द्रासन

शरीर को डिटॉक्स करने के लिए आप अर्ध मत्स्येन्द्रासन योग कर सकते हैं। यह शरीर के कई अंगों को सक्रिय करता है। यह शरीर में जमे विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है। इससे पाचन तंत्र भी बेहतर होता है। इसे करने से रीढ़ की हड्डी में लचीलापन आता है।

अर्ध मत्स्येन्द्रासन कैसे करें?

अर्ध मत्स्येन्द्रासन को करने के लिए आप सबसे पहले दंडासन में बैठ जाएं। अब दाहिने पैर को मोड़कर बाएं घुटने के बाहर रखें। अब बाएं हाथ को दाहिने घुटने के ऊपर रखें और दाहिना हाथ पीछे रखें। शरीर को दाहिनी ओर मोड़ें और पीछे की ओर देखें। इस पोजीशन में 30 सेकंड तक रुकें और फिर वापस आएं। इसे आप दूसरी ओर से भी दोहराएं। इस योगासन को करते समय आप अपनी रीढ़ को सीधा रखें।

3. धनुरासन

धनुरासन को आप अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। यह पेट और लिवर को सक्रिय करता है, जिससे पाचन बेहतर होता है। इसको करने के लिए आप सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं। अब अपने घुटनों को मोड़ें और पैरों को पीछे की ओर हाथों से पकड़ें। सांस लेते हुए छाती और जांघों को ऊपर उठाएं। इस तरह शरीर धनुष के आकार में आ जाता है। आप इस पोजीशन में 30 सेकंड तक बने रहें। इस स्थिति के बाद आप सामान्य स्थिति में आएं।

4. कपालभाति प्राणायाम

कपालभाति प्राणायाम बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए काफी बेहतर होता है। इस योगासन को करने से बॉडी अंदर से साफ होती है। इस योगासन को करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बेहतर होता है।

कैसे करें कपालभाति प्राणायाम?

कपालभाति प्राणायाम को करने के लिए आप सबसे पहले सुखासन या पद्मासन में बैठें और रीढ़ को सीधी रखें। अब नाक से तेज सांस छोड़ें और पेट को अंदर की ओर खींचें। सांस को अंदर जाने दें, इस प्रक्रिया को लगातार 30-50 बार दोहराएं। शुरुआत में आप इसको एक से दो मिनट से शुरू करें। आप धीरे-धीरे समय को बढ़ाएं।

5. त्रिकोणासन

शरीर को डिटॉक्स करने के लिए त्रिकोणासन भी एक बेहतर योगासन है। इसको करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और शरीर अंदर से डिटॉक्स हो जाता है। इस योगासन को करने से तनाव और थकान भी कम होती है।

कैसे करें त्रिकोणासन?

त्रिकोणासन को करने के लिए आप दोनों पैरों को 3-4 फीट की दूरी पर फैलाएं। अब दाहिने पैर को बाहर की ओर घुमाएं और बाएं पैर को थोड़ा अंदर की ओर रखें। अब सांस को छोड़ते हुए दाहिनी ओर झुकें और दाहिने हाथ को पैर की ओर नीचे लाएं। बायां हाथ ऊपर की ओर सीधा रखें और गर्दन को ऊपर की ओर करें। इस स्थिति में 20 से 30 सेकंड तक बने रहें और फिर दूसरी ओर से दोहराएं। उम्मीद है यह जानकारी आपको पसंद आई होगी।

मन को शांत करता है योगासन

योगासन शरीर से गंदगी को निकालने के साथ-साथ मन को भी शांत करता है। योगासन को हमेशा खाली पेट करना चाहिए। इस दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी भी पीना चाहिए। अगर आप शरीर से टॉक्सिन्स को निकालना चाहते हैं, तो योगासन के साथ-साथ खाने पर भी विशेष ध्यान दें। इसके अलावा, नींद भी जरूरी होती है।

आगे पढ़िएः Vat Savitri Mehndi Designs: वट सावित्री के लिए अभी से ही सेव कर लें ये लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन, खूबसूरती देख हर कोई करेगा आपकी तारीफ