Iron Winter Clothes: देश के कई हिस्सों में सर्दी ने दस्तक दे दी है। कुछ जगहों पर सुबह-शाम ठंड का अहसास होने लगा है। वहीं, कुछ दिनों में बक्से में रखे ऊनी के कपड़े भी निकल जाएंगे। हालांकि, ऊनी कपड़ों को साफ करने के बाद इसको प्रेस करना सिर दर्द जैसा होता है।
ऊनी कपड़ा को कैसे करें प्रेस?
वैसे तो सर्दी के कपड़ों या फिर वूलन कपड़ों पर अधिक प्रेस की जरूरत नहीं होती है, लेकिन कई ऐसे कपड़े होते हैं, जिस पर आयरन करना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में अगर आप भी अपने ऊनी कपड़ों को धोने के बाद आयरन करते हैं तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होता है। इस लेख में हम आपको ऊनी कपड़ों पर किस तरह सही से आयरन किया जाता है, इसके बारे में बताएंगे।
सही आयरन का करें चयन
सर्दी के मौसम में ऊनी कपड़ों को प्रेस करते समय सही आयरन का चयन करना बहुत जरूरी होता है। ऊनी कपड़े को सामान्य आयरन से प्रेस न करें। इसके लिए हमेशा ही स्टीम आयरन का इस्तेमाल करें। आयरन करते समय तापमान का ध्यान रखें। कई आयरन में वूल या सिल्क का ऑप्शन होता है, उसी का उपयोग करें। अधिक तापमान से ऊनी कपड़े जल सकते हैं या खराब हो सकते हैं।
उल्टा करके प्रेस करें
ऊनी कपड़ों को उल्टा करके प्रेस करना चाहिए। इससे कपड़े का बाहरी हिस्सा सही रहता है और कभी खराब नहीं होता है। इससे इसकी चमक बनी रहती है। इस पर डायरेक्ट आयरन नहीं करना चाहिए। ऊनी कपड़े पर आयरन करने से पहले एक सॉफ्ट कॉटन का कपड़ा उसके ऊपर रखना चाहिए।
गीले कपड़ों को न करें प्रेस
ऊनी कपड़े को गीले होने पर आयरन नहीं करना चाहिए। अगर यह गीला हो तो सबसे पहले इसको सूखा लें फिर इसको प्रेस करें। गीले ऊनी कपड़े को प्रेस करने से वह सिकुड़ सकते हैं। कई बार गीले ऊनी कपड़ों को प्रेस में चिपने का भी खतरा रहता है।