हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन को महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उपलब्धियों के उपलक्ष्य के तौर पर मनाया जाता है। इसके अलावा इंटरनेशनल विमेंस डे महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी प्रकाश डालता है। इतना ही नहीं महिलाओं और पुरुषों में भेद-भाव को मिटाने के लिए भी इस दिन को मनाया जाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे पहला महिला दिवस अमेरिका के न्यूयॉर्क में 1909 में मनाया गया था। जिसकी शुरुआत अमेरिका की सोशलिस्ट पार्टी ने किया था। आइए जानते हैं इंटरनेशनल विमेंस डे से जुड़ी अन्य जानकारी-
विमेंस डे 2020 थीम: 1975 में, संयुक्त राष्ट्र संघ ने आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को मान्यता दी, और 1996 में, हर साल के लिए वार्षिक थीम को अपनाना शुरू किया। पहला थीम था “अतीत का जश्न, भविष्य के लिए योजना।” इस वर्ष की थीम #EachforEqual है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को क्यों मनाया जाता है? अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का 108 साल पुराना एक समृद्ध इतिहास रहा है। इसकी पहली झलक 1909 में मिली थी, जब 15,000 महिलाओं ने लंबे समय तक काम करने, कम वेतन और न्यूयॉर्क शहर में वोट के अधिकारों की कमी का विरोध किया था। बता दें, महिला दिवस अब लगभग सभी विकासशील, विकसित देशों में मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं को उनकी क्षमता, सामाजिक, राजनैतिक व आर्थिक तरक्की दिलाने व उन महिलाओं को याद करने का दिन है जिन्होंने महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के लिए अथक प्रयास किए।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस दुनिया भर में कैसे मनाया जाता है? अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कम से कम 20 देशों में एक ऑफिसियल हॉलिडे है, जिसमें शामिल हैं: अफगानिस्तान, क्यूबा, लाओस, रूस और वियतनाम। इनमें से कई देशों में, परंपरा है कि पुरुष अपनी मां, पत्नी, गर्लफ्रेंड और सहकर्मियों को फूल और छोटे उपहार देकर सम्मानित करते हैं। अन्य देशों में, दिन बहुत हद तक मदर्स डे के समान है, जिसमें बच्चे अपनी माताओं को गिफ्ट्स देते हैं। अन्य देशों में, हालांकि, नेपाल और चीन की तरह, IWD केवल महिलाओं के लिए एक छुट्टी है।
