हर महिला के लिए मां बनना बेहद ही खूबसूरत अहसास होता है। खासतौर पर जब महिलाएं पहली बार मां बनती है, तो यह अहसास बेहद ही खास होता है। एक महिला के लिए मां बनना बिल्कुल भी आसान नहीं होता, क्योंकि, इस दौरान शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। ऐसे में प्रेग्नेंसी के दौरान अधिक सावधानी बरतने की जरूरत पड़ती है। प्रेग्नेंसी के दौरान ज्यादातर महिलाएं फिट रहने के लिए एक्सरसाइज और कई तरह की शारिरिक एक्टिविटी करती हैं। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है कि दूसरी महिलाओं को देखकर आपको भी ऐसा ही करना चाहिए
क्योंकि, हर महिला का शरीर, उसकी बनावट, आकार और शारिरिक क्षमता अलग-अलग होती है। ऐसे में प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को कुछ कामों को करने से बचना चाहिए। क्यों, यह एक्टिविटी आपके और आपके बच्चे के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।
-सीढ़ियां चढ़ने-उतरने से बचना चाहिए: गर्भावस्था के शुरुआती कुछ महीने काफी मुश्किल भरे होते है, इस दौरान महिलाओं को सीढ़ियां चढ़ने और उतरने से बचना चाहिए। क्योंकि, इसमें गिरने और फिसलने का खतरा होता है। ऐसे में जितना हो सके, प्रेग्नेंसी के दौरान उतना सीढ़ियां चढ़ने और उतरने से बचें। आप चाहें, तो रस्सी या रॉड के सहारे सीढ़ियों पर चढ़-उतर सकती हैं।
-हील्स पहनने से बचें: गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को हील्स पहनने से बचना चाहिए। आप हील्स की जगह आरामदायक फ्लैट चप्पल, सैंडल या फिर जूते पहन सकती हैं।
-ज्यादा झुके नहीं: गर्भावस्था के दौरान भी महिलाएं झुककर झाड़ू, पोछा और साफ-सफाई आदि का काम करती हैं। हालांकि, ज्यादा झुकने की वजह से उनके गर्भ में पल रहे शिशु को नुकसान हो सकता है। ऐसे में ज्यादा झुकने से बचना चाहिए।
-लंबे समय तक खड़े ना रहें: गर्भवती महिला के लिए ज्यादा देर तक खड़े रहना ठीक नहीं है। क्योंकि, इसका असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में खाना बनाते समय भी महिलाओं को ज्यादा समय तक खड़े नहीं होना चाहिए।
-भारी सामान ना उठाएं: डॉक्टर्स भी गर्भावस्था के दौरान भारी सामान ना उठाने की सलाह देते हैं। क्योंकि, इससे होने वाले बच्चे को नुकसान हो सकता है। केवल भारी सामान को उठाना ही नहीं, बल्कि उन्हें खींचना और धक्का भी नहीं देना चाहिए। आप भारी सामान को उठाने के लिए किसी दूसरे की मदद ले सकते हैं।