कुछ महिलाओं के लिए पीरियड्स किसी रोलर कोस्टर राइड से कम नहीं होती। मासिक धर्म एक नैचुरल प्रक्रिया है। पीरियड्स के दौरान कुछ महिलाओं को हेवी ब्लड फ्लो होता है, जिससे पेट और कमर में तेज दर्द, गैस, पेट पर सूजन, मूड स्विंग्स, उलटी और बदन दर्द जैसी समस्याएं होती हैं। लेकिन कभी-कभी कई ऐसे मौके आते हैं, जिसके लिए कुछ घंटे या फिर कुछ दिनों के लिए पीरियड्स को टालना बेहद ही जरूरी हो जाता है।
धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर शादी-ब्याह के दौरान महिलाएं कुछ समय के लिए पीरियड्स टालने के लिए दवाइयों का सहारा लेती हैं। हालांकि दवाइयों का इस्तेमाल करने से कई तरह के साइडइफेक्ट्स जैसे हार्मोन में असंतुलन हो सकते हैं। यूं तो नैचुरल प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा पहुंचाना सही नहीं है। लेकिन घरेलू उपायों की मदद से भी आप पीरियड्स को कुछ समय के लिए टाल सकती हैं। खास बात तो यह है कि इनके कोई साइडइफेक्ट्स भी नहीं होते।
-मसालेदार खाना खाने से बचें: मसाला बॉडी में ब्लड फ्लो को बढ़ाता है, जिससे पीरियड्स होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप चाहती हैं कि कुछ समय के लिए आपके पीरियड्स टल जाएं तो बेहतर होगा कि आप मसालेदार खाना ना खाएं।
-जिलेटिन: जिलेटिन पीरियड्स को टालने में काफी कारगर है। इसके लिए जिलेटिन को घोलकर पी लें। इससे तीन से चार घंटे के लिए पीरियड्स टल सकते हैं। बता दें, आप जितना चाहें उतनी बार जिलेटिन घोलकर पी सकती हैं। इससे आप नैचुरल तरीके से पीरियड्स को टाल सकती हैं।
-विनेगर: अगर आप कुछ समय के लिए पीरियड्स को टालना चाहती हैं तो इसके लिए विनेगर का सेवन करना शुरू कर दें। इसके लिए एक गिलास पानी में 3-4 चम्मच विनेगर डालकर पी लें। आप दिन में तीन से चार बार इसका सेवन कर सकती हैं। इस तरीके से चार दिनों तक पीरियड्स को टाला जा सकता है।
-नींबू: नींबू में विटामिन-सी की अच्छी-खासी मात्रा होती है। पीरियड्स को टालने में भी नींबू काफी फायदेमंद है। यह ब्लड फ्लो को टालने या फिर उसे रोकने का काम करता है। इसके लिए आप नींबू का चबाकर या फिर उसको पानी में मिलाकर सेवन कर सकते हैं।