सर्दी का मौसम पेड़-पौधे लगाने के लिए काफी बेहतर माना जाता है। आप इस मौसम में अपने घर पर ही होम गार्डनिंग की शुरुआत कर सकते हैं। दरअसल, सर्दी के मौसम में कई ऐसी सब्जियां होती हैं, जो ठंडे तापमान में अच्छी तरह बढ़ती हैं और इन्हें गमलों में भी आसानी से उगाया जा सकता है।
अगर आपके घर में थोड़ी-सी भी जगह है, तो आप वहां कुछ सब्जियां लगा सकते हैं। आप बालकनी, टैरेस या आंगन में भी छोटा गार्डन बना सकते हैं। इससे आपको ताजी और ऑर्गेनिक सब्जियां मिलेंगी ही, आपका घर भी हरा-भरा दिखाई देगा।
गमले में उगाएं पालक
सर्दी के मौसम में आप पालक को आसानी से गमले में उगा सकते हैं। इसे उगाने में अधिक मेहनत नहीं लगती। पालक को हल्की धूप और ठंडा वातावरण पसंद होता है। इसे लगाने के बाद लगभग 30-35 दिनों में आप इसकी पत्तियां तोड़ सकते हैं।
धनिया
खाने के स्वाद को बढ़ाने के लिए अधिकतर लोग धनिया का उपयोग करते हैं। ऐसे में लोग इसे मार्केट से खरीदकर लाते हैं, लेकिन आप धनिया को घर पर ही आसानी से उगा सकते हैं। धनिया को अधिक पानी की जरूरत नहीं होती है।
टमाटर
टमाटर ठंड के मौसम में घर पर उगाने के लिए बेहतरीन सब्जी है। आप टमाटर के बीज या पौधे को सीधे गमले में लगा सकते हैं। इसे हर रोज धूप और पानी की जरूरत होती है।
मेथी
सर्दी के मौसम में आप गमले में मेथी को भी आसानी से उगा सकते हैं। समय-समय पर पानी देने और हल्की धूप मिलने पर यह दो से तीन हफ्तों में तैयार हो जाती है। मेथी की पत्तियां सेहत के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ खाने में भी स्वादिष्ट लगती हैं। आप इससे मेथी पराठा भी आसानी से बना सकते हैं।
लहसुन
लहसुन को भी सर्दी के मौसम में आसानी से उगाया जा सकता है। इसके लिए मिट्टी में हल्की नमी और धूप की जरूरी होती है। आप इसकी कलियों को सीधे गमले में लगा सकते हैं। इसके हरे पत्तों का उपयोग भी सब्जी में किया जा सकता है।
