Majnu Ka Tila: दिल्ली में अगर आप कहीं घूमना चाहते हैं तो आपको दिल्ली की इस जगह पर घूमकर आना चाहिए। ये बाकी जगहों से थोड़ा अलग है। दरअसल, यहां जाने के बाद आपको तिब्बत और लेह की याद आएगी। अगर आप यहां गए भी नहीं होंगे पर आपने लेह या तिब्बत को टीवी में देखा होगा तो तुरंत समझ जाएंगे कि यहां आपको क्या-क्या मिल सकता है। खास बात ये है कि इस जगह का नाम ईरान के सूफी संत के नाम पर है जिससे 15वीं शताबदी में गुरु नानक देव जी मिलने आए थे। उस संत को लोग मजनू कहते थे और वो इस टीले पर ही रहते थे, इसलिए इस जगह को मजनू का टीला (Majnu Ka Tila) कहा जाता है। तो, आइए जानते हैं मजनू के टीले में क्या है खास।
मजनू का टीला में क्या प्रसिद्ध है
मजनू के टीले में सबसे फेमस है यहां का तिब्बती मार्केट। इसके अलावा यहां के कैफे। दरअसल, यहां के तिब्बती मार्केट में आपको तिब्बत के कपड़े, वहां के कुछ सजाने वाले सामान, गिफ्ट्स, हैंडीक्राफ्ट और घर के लिए कुछ खास कटलरी सेट भी मिलजाएंगे। यहां आपको बौद्ध संस्कृति से जुड़ी कई और चीजें भी मिल जाएंगी। जैसे कि बुद्ध की कुछ खास मूर्तियां तो कुछ खास प्रकार के म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट। इसके अलावा खास तिब्बती शॉल, टॉप्स और कपड़े।
फेमस हैं ये फूड्स
यहां आपको चाइनीज और तिब्बतन फूड्स खाने को मिल जाएंगे। यहां आपको मोमोज और चिली पोटैटो खाने को मिल जाएगा लेकिन हम आपको थुकपा खाने की सलाह देंगे , जो सब्जियों या मांस के साथ बना एक पारंपरिक तिब्बती नूडल सूप है। आप टिंग्मो जो कि एक तिब्बती डिश है इसे भी ट्राई कर सकते हैं। यहां मोमोज अकेले या सूप के साथ परोसे जाते हैं। इन सबके अलावा भी यहां बहुत कुछ है जिसे आप ट्राई कर सकते हैं।
Open cafe जरूर जाएं
मजनू का टीला अगर आप जा रहे हैं तो यहां के ऑपन कैफे में जरूर जाएं। ये खुली छत पर बने होते हैं और ढलती हुई शाम के साथ आप यहां खाने का मजा ले सकते हैं। साथ ही यहां आपको एक अलग ही फील आएगा और आप किसी बंद कैफेटेरिया से ज्यादा आराम महसूस करेंगे। तो, अगर आप दिल्ली की जगह पर नहीं गए हैं तो एक बार जरूर जाकर आएं।