Children’s Day 2018: भारत हर साल 14 नवंबर को देश के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन ‘बालदिवस’ के रुप में मनाता है। भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान निभाने वाले जवाहरलाल नेहरू एक महान नेता थे। उन्होंने देश की आज़ादी और स्वतंत्रता के बाद देश को विकास की पटरी पर लाने के लिए काम किया। जवाहरलाल नेहरू को बच्चे प्यार से चाचा नेहरू बुलाते थे। नेहरू जी बच्चों को बेहद प्यार करते थे और वो अपने हर जन्मदिन पर अनाथ बच्चों से मिलने जाते थे और उनके साथ समय बिताते थे। साथ ही वो बच्चों में कपड़े और मिठाईयां भी बांटते थे। गूगल ने बुधवार को भारत में बाल दिवस के मौके पर एक खास डूडल के जरिए बच्चों को अंतरिक्ष की खोज करने के लिए प्रेरित किया है। इस साल इस दिन के डूडल के लिए सर्च इंजन का थीम ‘आपको क्या प्रेरित करता है’ था।

नेहरू जी ने बच्चों के कल्याण और उनके अधिकारों के बारे में जागरुकता फैलाने पर ज़ोर दिया। वो देश के युवाओं को शिक्षित और ज़िम्मेदार नागरिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध थे। उनके पर्यवेक्षण में देश में कई बड़े शिक्षा संस्थानों की नींव रखी गई जैसे ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज(एम्स), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी(आईआईटी) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट(आईआईएम)।

देश के प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने देश के कई गांवों, तहसील और छोटे शहरों में स्कूल खुलवाएं। साथ ही उन्होंने बच्चों के लिए मुफ्त प्राथमिक शिक्षा देने पर भी ज़ोर दिया। जवाहरलाल नेहरु को लाल गुलाब और बच्चे दोनों बहुत ही पसंद थे। नेहरू जी अक्सर कहते थे कि बच्चों का पालन हमेशा सावधानीपूर्वक और प्यार से किया जाना चाहिए, क्योंकि वे देश का भविष्य हैं। बच्चों के प्रति उनके प्यार के कारण ही हम उनके जन्मदिन पर ‘बाल दिवस’ मनाते हैं।