Ande khane ke fayde: आपने एक लाइन तो जरूर सुनी होगी ‘संडे हो या मंडे रोज खाएं अंडे’। ऐसा इसलिए कहा जाता है क्योंकि अंडे में एक-दो नहीं कई सारे पोषक तत्व होते हैं। अंडे में प्रोटीन, विटामिन ए, विटामिन बी 12, विटामिन बी5, विटामिन डी, कोलीन, आयरन, ल्यूटिन, ज़ेक्सैंथिन, राइबोफ्लेविन, पैंटोथेनिक एसिड जैसे गुण पाए जाते हैं। महिलाओं को सर्दियों में रोजाना अंडा खाना चाहिए, ऐसा क्यों है जरूरी और अंडे खाने से क्या होते हैं फायदे, आइए जानें।

महिलाओं को रोजाना कितने अंडे खाने चाहिए?

न्यूट्रीशनिस्ट डॉ. आशा अरोड़ा के अनुसार एक स्वस्थ महिला कम से कम 1 अंडे का सेवन रोजाना कर सकती है। अंडे का पीला वाला भाग कोलेस्ट्रॉल बढ़ाता है। इसलिए अंडे के सफेद वाले भाग को ही प्राथमिकता देनी चाहिए। किसी तरह की हेल्थ प्रॉब्लम नहीं है, तो वह इंसान एक दिन में 3 अंडे का भी सेवन कर सकता है।

सबसे पहले जानें महिलाओं को क्यों खाने चाहिए अंडे?

अंडे बेहद पौष्टिक होते हैं। साथ ही किफायती भी। इनसे आप अंडे का ऑमलेट, पोच, अंडा करी आदि आसानी से तैयार कर सकती हैं। महिलाओं को जीवन के हर पड़ाव पर नियमित रूप से अंडे का सेवन करना चाहिए। यह मस्तिष्क स्वास्थ्य, हड्डियों, त्वचा, बाल, दृष्टि और समग्र स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।

महिलाओं को अंडे खाने से होते हैं ये फायदे

मांसपेशियों को मिलती मजबूती

रोजाना अंडे खाने से मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। दर्द कम होता है। बढ़ती उम्र की महिलाओं में दुबली मांसपेशियों को सही रखने में मदद मिलती है। अंडों में मौजूद विटामिन डी और प्रमुख खनिज भी मांसपेशियों के बेहतर कार्य और मजबूती में सहायता करते हैं।

हार्मोनल संतुलन और प्रजनन के बनाए बेहतर

अंडों में कोलीन, विटामिन बी12, फोलेट और ओमेगा 3 वसा होते हैं। यह सभी प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इतना ही नहीं अंडे की जर्दी में मौजूद स्वस्थ वसा हार्मोन उत्पादन में सहायक होते हैं। यह मासिक धर्म चक्र के लिए जरूरी होता है।

मजबूत हड्डियां और समग्र विकास के लिए जरूरी

अंडों में फॉस्फोरस, सेलेनियम और कैल्शियम जैसे खनिज होते हैं। इससे हड्डियां सही रहती हैं। अंडे खाना विशेष रूप से बढ़ती उम्र में महिलाओं के लिए फायदेमंद होता है।

आंखों में होने वाले नुकसान से बचाए

अंडे की जर्दी में ल्यूटिन और जेक्सैंथिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं। यह रेटिना में जमा होकर आंखों से संबंधित नुकसान (जैसे मोतियाबिंद, मैकुलर डिजनरेशन) से बचाने में मदद करते हैं।

मानसिक स्वास्थ्य को रखे सही

जो महिलाएं नियमित रूप से अंडे का सेवन करती हैं उनका मानसिक स्वास्थ्य सही रहता है। इतना ही नहीं याददाश्त सही रहती है। इतने सारे फायदे जानकर आप भी रोजाना अंडे खाने के बारे में सोच सकती हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।