हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का पर्व मनाया जाता है। इस साल ये खास तिथि कल यानी रविवार को पड़ रही है। ऐसे में रविवार 3 नवंबर को भाई दूज (Bhai Dooj 2024 Date) का त्योहार मनाया जाएगा। बता दें कि हिंदू धर्म में इस पर्व का बेहद महत्व है।
भाई दूज के खास दिन पर बहनें अपने भाई का तिलक कर, उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं, साथ ही उन्हें अपने हाथों से बना खाना खिलाती हैं। इसके बदले भाई भी अपनी बहनों को उपहार देते हुए हमेशा उनका साथ निभाने का वचन देते हैं। इन सब से अलग भाई दूज पर गोला (सूखा नारियल) देने की भी परंपरा है।
भाई दूज पर क्यों दिया जाता है गोला?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यम की बहन यमुना ने उन्हें अपने घर आमंत्रित किया था। जब यम अपनी बहन के घर पहुंचे तो यमुना ने उनका खूह आदर सत्कार किया, साथ ही अपने हाथों से बना खाना भी खिलाया। वहीं, घर से जाते समय यमुना ने अपने भाई यम को सूखा नारियल यानी गोला भेंट किया था। इसके पीछे की वजह पूछने पर यमुना ने कहा था कि ‘यह नारियल आपको मेरी याद दिलाता रहेगा।’
माना जाता है कि तभी से भाई दूज के दिन बहनों द्वारा भाइयों को गोला देने की परंपरा चली आ रही है। इसके अलावा कहा जाता है कि बहनों द्वारा गोला देने से भाइयों को अधिक आयु और समृद्धि मिलती है।
कैसे करें सही गोले की पहचान?
गौरतलब है कि कई बार बाजार से गोला लाने पर ये अंदर से खराब या सड़ा हुआ निकल जाता है। ऐसे में यहां हम आपको कुछ बेहद आसान तरीके बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप पता लगा सकते हैं कि आप जो सूखा नारियल खरीद रहे हैं, वो अच्छा है या खराब-
रंग पर दें ध्यान
सूखे नारियल को देखकर पहचाना जा सकता है। अगर गोले का रंग पीला नजर आ रहा है तो यह खराब हो सकता है। इस तरह के गोले को खरीदने से बचें।
सूंघकर देखें
गोला खराब है या अच्चा इसकी पहचान आप उसे सूंघकर भी कर सकते हैं। ऐसा करने पर अगर नारियल से अजीब या खट्टी स्मेल आती है, तो यह खराब हो सकता है।
दबाकर देखें
सूखे नारियल को छूकर भी पहचाना जा सकता है। अगर नारियल का छिलका बहुत अधिक सख्त है या छूने पर इसका ऊपर का हिस्सा झड़कर गिर रहा है, तो इसे भी खरीदने से बचें।
पानी में डूबकर देखें
इन सब से अलग आप गोले को पानी में डूबाकर भी पहचान सकते हैं। अगर ये पानी में डूब जाता है, तो यह अच्छा है। वहीं, अगर सूखा नारियल पानी के ऊपर तैर रहा है, तो यह खराब हो सकता है।
इन तरीकों से आप सूखे नारियल की गुणवत्ता का पता लगा सकते हैं और खराब गोला खरीदने से बच सकते हैं।