माथे पर त्रिपुंड, गले में रुद्राक्ष, कंधे तक बाल, लंबी दाढ़ी, सीने पर मां के नाम का टैटू, बाजू पर राम और धधकती आंखें…भारतीय रेसलर वीर महान WWE के रिंग में कुछ इसी वेशभूषा और रंग-ढंग में नजर आते हैं। ‘द ग्रेट खली’ के बाद WWE के रिंग में सर्वाधिक प्रसिद्धि पाने वाले वे दूसरे भारतीय रेसलर हैं। चंद महीने पहले तक वीर महान को कोई जानता नहीं था। वीर महान ने इसी साल अप्रैल में पहली बार WWE के रिंग में कदम रखा था। पहले ही मुकाबले में उन्होंने रे और डोमिनिक मिस्ट्रियो की पिता-पुत्र की जोड़ी को धूल चटा दी और रातों-रात सनसनी बन गए।
कौन हैं वीर महान? Who is the Wrestler Veer Mahan?
6 फिट 4 इंच और 125 किलो के वीर महान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रविदास नगर जिले के गोपीगंज के रहने वाले हैं। अगस्त 1988 को जन्मे वीर महान का असली नाम रिंकू सिंह राजपूत है (Rinku Singh Rajput)। वे कुल नौ भाई-बहन हैं। पिता ट्रक चलाते हैं। एक इंटरव्यू में वीर महान बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही खेल-कूद का शौक था।
वीर महान (Veer Mahan Biography) की शुरुआत भालाफेंक से हुई। स्कूल के दिनों में भालाफेंक में नेशनल पदक भी हासिल किया। बाद में लखनऊ के चर्चित गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में एडमिशन ले लिया। फिर आया साल 2008। रिंक ने ‘द मिलियन डॉलर आर्म’ नामक रियलिटी टीवी शो में हिस्सा लिया। बेसिकली यह शो तेज बेसबॉल फेंकने वाले खिलाड़ियों का टैलेंट हंट शो था। चूंकि रिंकू पहले से ही भाला फेंकते थे। इस प्रतियोगिता में उन्हें इसका लाभ मिला। मजबूत कद-काठी के रिंकू ने शो में 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से बेसबॉल फेंकी और विजेता बन गए।
वीर महान भारत छोड़ क्यों गए अमेरिका? Veer Mahan Journey
‘द मिलियन डॉलर आर्म’ का विजेता बनने के बाद रिंकू को लगा कि उन्हें अपना करियर बेसबॉल में ही बनाना चाहिए और साल 2009 में वे अमेरिका चले गए। यहां उन्होंने तमाम टीमों के लिए बेसबॉल खेला। साल 2016 में रिंकू ने ये रास्ता भी बदल दिया और उनकी दिलचस्पी WWE में जगी। डब्ल्यूडब्ल्यूई से करार के बाद उन्होंने एक और भारतीय रेसलर सौरव गुर्जर के साथ टीम बनाई। बाद में उनकी टीम में जिंदर महल भी शामिल हुए।
हालांकि यह टीम ज्यादा दिनों तक साथ नहीं रह पाई। साल 2021 में रिंकू टीम से अलग हो गए और अकेले WWE के रिंग में उतरने का फैसला किया। पहले तो लोगों को लगा कि वे कुछ खास नहीं कर पाएंगे, लेकिन WWE रॉ में उन्होंने तमाम तगड़े पहलवानों के छक्के छुड़ा दिये थे। फिर जब WWE में उतरे तो लोहा मनवा दिया।