White Hair Remedies: कम उम्र में बाल सफेद होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जिनमें से कुछ जेनेटिक होते हैं तो कई बार लापरवाही के कारण भी बाल सफेद हो जाते हैं। गलत खानपान और शरीर में पोषक तत्वों की कमी से भी असमय सफेद बालों की परेशानी से लोग जूझते हैं। आज के समय में स्ट्रेस व धूल-मिट्टी के बीच न केवल लोगों का स्वास्थ्य बल्कि उनके बाल भी प्रभावित हो रहे हैं। इस कारण उम्रदराज ही नहीं बल्कि नौजवानों के बाल भी सफेद हो रहे हैं। इनसे छुटकारा पाने के लिए लोग कई केमिकल युक्त हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। इनमें मौजूद रसायन बालों को ज्यादा डैमेज कर सकते हैं। जबकि घरेलू तरीकों के इस्तेमाल से बाल काले भी रहते हैं और उनसे साइड इफेक्ट भी नहीं होता है। ऐसे में आप सरसो का तेल और मेहंदी से बने इस मिश्रण का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बालों के लिए सरसो तेल: सरसो के तेल से बालों का मसाज करने से जड़ों में पोषक तत्वों की पूर्ति होती है। ऐसे में जिन लोगों को सफेद बालों की परेशानी है, उन्हें सरसो का इस्तेमाल करना चाहिए। बालों को काला बनाने के अलावा, सरसो इन्हें मजबूती भी प्रदान करता है। ये हेयर ग्रोथ में भी मददगार होते हैं। सरसो तेल में सेलेनियम नाम का एंटी-ऑक्सीडेंट पाया जाता है। जो कि स्कैल्प को पॉल्यूशन से बचाता है। इसके साथ ही, तेल में मौजूद फैटी एसिड बालों में नमी बनाए रखता है जिससे बाल जल्दी ड्राय नहीं होते हैं।

सरसो तेल और मेहंदी: बालों को काला बनाने के लिए मेहंदी के इस्तेमाल से तो सब वाकिफ हैं, पर क्या आप जानते हैं कि सरसो तेल और मेहंदी को मिलाकर लगाने से आपको जल्दी और बेहतर परिणाम मिलेंगे। इससे सफेद बालों की समस्या से तो निजात मिलेगा ही, साथ में बालों की मजबूती भी बेहतर होगी। इस कॉम्बिनेशन को बनाने के लिए 1 कप सरसो तेल और 3 चम्मच के करीब मेहंदी पाउडर ले लें। आप चाहें तो मेहंदी की पत्तियां भी ले सकते हैं।

क्या है बनाने की विधि: एक लोहे की कड़ाही को गैस पर चढ़ाएं और उसमें सरसो का तेल डालें। तेल जब गर्म हो जाए तो गैस की आंच धीमी कर दें। अब उसमें मेहंदी मिलाएं। जब तक मिश्रण उबल नहीं जाता तब तक धीरे-धीरे चलाते रहें। तेल जब पूरी तरह से काला हो जाए और मेहंदी अच्छी तरह उसमें घुल जाए तो गैस बंद कर दें। कड़ाही को करीब 1 घंटे तक ढक कर रखें, तेल जब ठंडा हो जाए तो उसे छानकर किसी बोतल में रख लें। महीने भर तक सप्ताह में 2 दिन इस तेल से मालिश करने से आपको बेहतर परिणाम नजर आएंगे।