Snake Bites Treatment & Prevention: गर्मियां आते ही सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। आए दिन कहीं न कहीं से सांप के काटने की खबर इंटरनेट पर वायरल होती रहती हैं। हाल में ही मेरठ से एक खतरनाक खबर सामने आई थी। जहां सांप ने 25 साल के एक युवक को 10 बार डसा। इससे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इतना ही नहीं सांप पूरी रात उसके शव के नीचे बैठा रहा। अगर आपके आसपास भी कभी किसी को सांप काट ले तो घबराए नहीं। धैर्य रखें और सूझबूझ के साथ पीड़ित व्यक्ति की मदद करने की कोशिश करें। कावेरी अस्पताल के यूट्यूब चैनल पर जानकारी देते हुए डॉ सरन्या ने बताया कि दुनियाभर में सांप की कई प्रजातियां पाई जाती हैं। भारत में 90 प्रतिशत सांप जहरीले नहीं होते हैं, वहीं कुछ प्रजाति के सांप बहुत विषैले होते हैं। हर कोई इन्हें देखकर नहीं पहचान पाता है। अगर सांप काट ले तो क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, आइए जानते हैं डॉक्टर से इस बारे में।
सांप काटने के बाद क्या करें और क्या नहीं
भूलकर न करें ये गलती
डॉ. सरन्या ने बताया कि सांप काटने के बाद कई लोग प्रभावित जगह पर कपड़ा लपेटने लगते हैं। लोगों का मानना होता है कि ऐसा करने से जहर नहीं फैलता है। लेकिन ऐसा करने की जरूरत नहीं होती है। वहीं जिस जगह पर सांप ने काटा है कभी भी भूल से उस जगह को नुकीली चीज से खून निकालने या खरोचने की कोशिश न करें। ऐसा करने से संक्रमण बढ़ सकता है।
तुरंत करें ये काम
सांप काट ले तो घबराएं नहीं, सांप को खोजने की बजाए तुरंत पीड़ित को नजदीकी अस्पताल ले जाएं। देरी करने पर पीड़ित व्यक्ति का तंत्रिका तंत्र प्रभावित हो सकता है। उसका सांस लेना मुश्किल हो सकता है। रक्त का थक्का जमना या फंगल संक्रमण फैलना शुरू हो जाता है। इसलिए उसे नजदीकि हॉस्पिटल ले जाएं। ताकि उसे वहां एंटी-स्नेक वेनम नामक टीका दिया जा सके।
सांप काटने के कितनी देर बाद होता है असर ?
सबसे पहले तो ये बात जान लें कि हर बार सांप के काटने पर जहर इंजेक्ट नहीं होता है। लेकिन अगर पीड़ित व्यक्ति के घाव से रिसाव हो रहा है तो हो सकता है कि जगर इंजेक्ट हुआ हो। अधिकांश पिट वाइपर के काटने पर तेज दर्द होता है। करीब 30 से 60 मिनट के अंदर सांप काटने वाली प्रभावित जगह पर लालिमा और सूजन हो जाती है।
सांप ने काटा है या नहीं ऐसे करें पता
अगर आपको शक है कि किसी व्यक्ति को सांप ने काटा है तो सबसे पहले ये जांच करें कि उसके शरीर पर कहीं सांप के दांत के 2 निशान हैं या नहीं। काटने के तुरंत बाद व्यक्ति को जलन, फटने या धड़कन जैसा दर्द हो सकता है।
सांप के काटने पर सबसे पहले क्या होता है महसूस?
सांप काटने के बाद लोगों के प्रभावित जगह पर दर्द शुरू हो जाता है। वहां सूजन आनी शुरू जाती है। इसके अलावा पेट में ऐंठन, उल्टी, मतली, अकड़न भी हो सकती है। बुखार या सिरदर्द महसूस हो सकता है। इतना ही नहीं कई बार मांसपेशियों की कमजोरी जैसे लक्षण भी दिखते हैं।
सांप के काटने के बाद कितनी देर तक जिंदा रहता है इंसान?
सांप कई तरह के होते हैं। इसलिए उनके काटने के बाद होने वाला असर भी अलग-अलग होता है। जैसे अगर किसी को कोबरा सांप ने काटा है मरीज को जल्दी से जल्दी अस्पताल ले जाएं। क्योंकि उस मरीज के लिए शुरुआती 30 मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि समय रहते उसे एंटी-स्नेक वेनम दे दी जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। वहीं अगर सांप ज्यादा जहरीला नहीं है तो यक्ति को अधिकतम आठ घंटे के अंदर बचाया जा सकता है।
सांप के काटने से क्यों चली जाती है इंसान की जान?
सांप के काटने के बाद इंसान के शरीर में तेजी से कई तरह के बदलाव होते हैं। अमूमन सांप का काटना खून के संचरण पर निर्भर करता है। कोई भी इंसान हो उसका हृदय खून को पंप करके पूरे शरीर में भेजता है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब सांप शरीर के किसी भी हिस्से पर काट लेता है तो उसका जहर खून में मिलकर तेजी से शरीर में फैलने लगता है। वहीं अगर किसी व्यक्ति को सांप ने दिल के आसपास काट लिया तो ऐसी स्थिति में इंसान की मिनटों में मौत भी हो सकती है।
कितने दिन तक रहता है सांप का जहर?
सांप के जहर में न्यूरोटॉक्सिन होता है। जब ये किसी इंसान के शरीर में जाता है तो ये न्यूरोट्रांसमिशन को प्रभावित करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर आमतौर पर 6 से 7 दिन तक बना रहता है।
सांप के इस अंग में होता है जहर
सांप कई तरह के होते हैं। जो भी सांप जहरीले होते हैं उनके सिर वाले भाग में विष बनाने वाली संरचना होती है। इसमें विष ग्रंथियां होती हैं। इसके साथ ही विषदन्त भी होते हैं। जब सांप काटता है तब विष ग्रंथियों से विष सर्प के जबड़े में आता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।