गठिया बहुत ही दर्दनायक बीमारी है। जिस इंसान को यह बीमारी होती है, वो अक्सर दर्द से कराहता रहता है। इस असहनीय दर्द के कारण मरीज के जीवन की गुणवत्ता पर बहुत नकारात्मक असर पड़ता है। आमतौर पर गठिया का कोई फुल प्रूव इलाज नहीं है। इस बीमारी में दर्द की दवा खाकर दर्द को कम किया जा सकता है, लेकिन इसे हमेशा के लिए खत्म करना मुश्किल होता है।
गठिया के मरीज अक्सर दर्द से परेशान रहते हैं लेकिन इसमें घबराने की जरूरत नहीं है। आप जानते है कि गठिया के दर्द को कुछ चीजों से परहेज करके कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि ऐसी कौन सी चीजें हैं जिनके कारण गठिया का दर्द बढ़ता है।
केंडी, सोडा, आइस्क्रीम से परहेज करें:
अगर आपको गठिया की शिकायत हैं तो आज से ही केंडी, सोडा, आइस्क्रीम को अभी से छोड़ दें। दरअसल, जिन चीजों में एडेड शुगर मिला रहता है, वो गठिया के दर्द को बढ़ाती हैं। एक अध्ययन में पाया गया था कि जो व्यक्ति सप्ताह में पांच बार फ्रूक्टोज आधारित एडेड शुगर का सेवन करते हैं, उनमें गठिया की आशंका ज्यादा रहती है और गठिया होने पर उनमें दर्द भी ज्यादा परेशान करता है।
प्रोसेस्ड मीट:
हालांकि प्रोसेस्ड या रेड मीट कई तरह से शरीर को नुकसान पहुंचाता हैं लेकिन ऑर्थराइटिस की बीमारी में यह ज्यादा नुकसानदेह है। रेड मीट या प्रोसेस्ड मीट में इंटरल्यूकिन-6, सी रिएक्टिव प्रोटीन और होमोसिस्टिन पाया जाता है जो गठिया को और ज्यादा खतरनाक बना देते हैं।
अधिक ग्लूटेन वाला भोजन:
जिन चीजों में अधिक ग्लूटेन रहता है वह गठिया के दर्द को कई गुना बढ़ा देते हैं। गेंहू, बार्ली, राई जैसे अनाज में ग्लूटेन की मात्रा ज्यादा रहती है। इन चीजों के सेवन से गठिया की बीमारी और गठिया का दर्द बढ़ने का जोखिम रहता है। अगर आटे से चोकर हटा लिया जाए तो इसमें ग्लूटेन की मात्रा बढ़ जाती है।
अल्कोहल:
हम सब जानते हैं कि अल्कोहल शरीर को कई तरह से नुकसान पहुंचाता है लेकिन यदि आप गठिया से पीड़ित हैं तो शराब को अभी से बाय कह दें। शराब गठिया की बीमारी में सूजन को बढ़ा देती है जिससे असहनीय दर्द झेलना पड़ता है।
नमक का सेवन कम करें:
जिन खाद्य पदार्थों में नमक की मात्रा ज्यादा है उसका सेवन करना छोड़ दे क्योंकि अत्यधिक मात्रा में सोडियम का सेवन गठिया में सूजन पैदा करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। पिज्जा बर्गर आदि में अत्यधिक मात्रा में नमक का इस्तेमाल किया जाता है जिसके कारण यह गठिया के जोखिम को बढ़ाता है। रोजाना 2 ग्राम से ज्यादा सोडियम का सेवन नहीं करना चाहिए।