हर कोई चाहता है कि उनकी स्किन हमेशा हेल्दी, ग्लोइंग और जवां नजर आए। इसके लिए आज के समय में बाजार में कई तरह के स्किन केयर प्रोडक्ट्स मौजूद हैं। ऐसा ही एक प्रोडक्ट है नियासिनमाइड (Niacinamide) जो आजकल काफी ट्रेंड में भी है। इसी कड़ी में यहां हम आपको नियासिनमाइड के बारे में बता रहे हैं।
आइए समझते हैं कि आखिर नियासिनमाइड है क्या, किन लोगों को इसका इस्तेमाल करना चाहिए और नियासिनमाइड इस्तेमाल करने का सही समय क्या है-
क्या होता है नियासिनमाइड?
नियासिनमाइड दरअसल विटामिन बी 3 का रूप है, जिसे निकोटिनमाइड भी कहा जाता है। ये स्किन, बालों और नाखूनों के स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसके अलावा ये शरीर में ऊर्जा के उत्पादन में भी मदद करता है। हालांकि, नियासिनमाइड का सबसे ज्यादा इस्तेमाल त्वचा से जुड़ी समस्याओं को ठीक करने के लिए किया जाता है।
किन लोगों के लिए फायदेमंद है नियासिनमाइड?
नियासिनमाइड वॉटर सॉल्युबल विटामिन है, जो ओपन पोर्स (Niacinamide for Open Pores), झुर्रियों (Niacinamide for wrinkles) और महीन रेखाओं (Niacinamide for fine lines) को कम करने में अद्भुत तरीके से काम कर सकता है। इतना ही नहीं, ये स्किन पर डलनेस और पिगमेंटेशन से भी छुटकारा दिलाने में मददगार हो सकता है।
इन सब से अलग नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की एक रिपोर्ट बताती है कि नियासिनमाइड का नियमित उपयोग एक्जिमा (Eczema), मुंहासे (Acne) और सोरायसिस (Psoriasis) की परेशानी को ठीक करने में भी योगदान कर सकता है। साथ ही ये बालों के विकास को बढ़ावा देने और नाखूनों को मजबूत बनाने में भी मदद कर सकता है।
स्किन पर कब लगाना चाहिए नियासिनमाइड?
इसे लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट रश्मि शेट्टी बताती हैं, वैसे तो स्किन पर नियासिनमाइड का इस्तेमाल किसी भी समय किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए रात का समय सबसे अधिक फायदेमंद होता है। आप इसे ग्लिसरीन और कोजिक एसिड के साथ मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
किस स्किन टाइप के लिए बेस्ट है नियासिनमाइड?
नियासिनमाइड हर स्किन टाइप के लिए सेफ माना जाता है। हालांकि, अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो नियासिनमाइड का उपयोग करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
