आज की अनियंत्रित जीवन शैली के कारण तमाम लोग मोटापे का शिकार हो रहे हैं। वजन कम करने के लिए लोग जी-जान से मेहनत करते हैं, सख्त डाइट प्लान अपनाते हैं। लेकिन कई बार इस क्रम में हम अधिक तनाव लेने लगते हैं, जिससे इसका नकारात्मक असर भी दिखता है।
पोषण विशेषज्ञ निधि गुप्ता कहती हैं कि वजन कम करने के चक्कर में हम खुद पर अधिक दबाव डालते हैं। जिसे संभालना मुश्किल हो जाता है। यह समझना जरूरी है कि हर व्यक्ति का शरीर और उसकी आवश्यकता अलग-अलग होती है। हम अपने शरीर पर किसी भी चीज को करने के लिए जोर नहीं दे सकते। लेकिन वह जरूर कर सकते हैं, जिसको करने में हमें मजा आए और अच्छा महसूस हो। निधि गुप्ता कुछ टिप्स बताती हैं, जिसे खुद उन्होंने अपनी वेट लॉस जर्नी में फॉलो किया था।
डाइट को स्थिर रखें: अपने लक्ष्य को पाने के लिए हर दिन परफेक्ट होने की जरूरत नहीं है। आप हमेशा स्वस्थ खाना खाएं। अगर कभी-कभी आप अपनी पसंद का अस्वस्थ खाना खा लेते हैं, तो फिक्र न करें, और अपने डाइट का पालन करते रहें।
संतुलित मात्रा में सब कुछ खाएं: आप अपनी पसंद का सब कुछ खा सकते हैं, लेकिन संतुलन जरूरी है। जैसे आपका मन अगर केक के लिए तरस रहा है, तो छोटा सा टुकड़ा खा लें। डाइट में सब कुछ रखें कुछ भी न हटाएं।
पसंद का वर्कआउट: आपको वेट लिफ्टिंग या वैसे वर्कआउट करने की जरूरत नहीं जिसे करना आप पसंद नहीं करते। आप रोज पैदल 5000 कदम चल सकते हैं, और 5000 से 7000 तक बढ़ा सकते हैं।
हर तरह का आहार अपनी डाइट में रखें: सिर्फ खुद को फिट रखने के लिए ही नहीं बल्कि अपनी त्वचा, बालों और आंखों को स्वस्थ रखने के लिए भी अच्छा आहार अपनी डाइट में शामिल करें। जैसे विटामिन ए, बी, सी, डी, ओमेगा- 3 इत्यादि।