असंतुलित खान-पान, अनियमित जीवन शैली के चलते लोग तमाम तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मोटापा उन्हीं में से एक हैं। विकसित देशों के साथ-साथ विकासशील देशों में यह समस्या बहुत जटिल हो गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक़, प्रत्येक 10 में से 9 देश इस समस्या से जूझ रहे हैं। पिछले 40 वर्षों में मोटापे की दर तीन गुनी हो गई है। विश्व भर में 60 करोड़ युवा मोटापे का शिकार हैं और 1.9 अरब आबादी अधिक वजन का शिकार है।
ऐसे में मोटापे से ग्रस्त हर इंसान चाहता है कि उसका शरीर पतला और सुडौल हो। लोग इसके लिए खाना कम कर देते हैं जिसका उनकी सेहत पर और बुरा असर होता है। नियमित और संतुलित भोजन ही आपको स्वस्थ और सुडौल बना सकता है। आइये जानते हैं एक्सपर्ट्स वजन कम करने के लिए किन फूड्स को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं।
एवोकाडो या माखनफल – इस फल में वसा, फाइबर, विटामिन, खनिज और कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। इतने सारे गुण के कारण इसे सुपरफूड भी कहा जाता है। फाइबर से भरपूर यह फल पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। हमारी पाचन प्रक्रिया को भी यह बेहतर करता है। यह हमारे पेट, जांघों और बाजुओं के पास जमी चर्बी को कम करने में बहुत मदद करता है।
नारियल का तेल – नारियल के तेल में मीडियम – चेन- ट्राइग्लिसराइड और लौरिक एसिड होता है जिसे हमारा शरीर वसा के रूप में संग्रह नहीं करता बल्कि लीवर में भेज देता है। जहां ये सीधे ऊर्जा में तब्दील हो जाते हैं। आप हर रोज़ 2 या 3 चम्मच नारियल तेल का प्रयोग अपने खाने में कर सकते हैं। इससे आप खाना कम खाकर भी दिनभर ऊर्जावान बने रहते हैं।
अंडा – अंडे में प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है और हेल्दी फैट्स भी भरपूर मात्रा में होते हैं। वेट लॉस करने में यह बहुत फायदेमंद होता है क्योंकि कम कैलोरी में भी इंसान का पेट भरा रहता है। ऐसे में हम बाकी चीज़े कम खाते हैं।
उबला हुआ आलू – आलू में पोटैशियम की मात्रा होती है और कई तरह के न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं। जहां आलू से बने चिप्स और फ्राईज़ हमारे वजन को बढ़ाते हैं वहीं उबला आलू इसे कम करने में मदद करता है। यह हमारे पेट को लंबे समय तब भरा हुआ रखता है।

