Yellow Teeth Removal Tips: दांतों का पीलापन कई बार शर्मिंदगी का कारण बनता है। पीले दांतों के पीछे कई कारण हो सकते हैं – जैसे कि दांतों से जुड़ी कोई समस्या, सही तरीके से ब्रश ना करना इत्यादि। इसके अलावा, ज्यादा चाय-कॉफी पीना, सिगरेट, गुटखा या तम्बाकू आदि का सेवन दांतों के पीलेपन की वजह बन सकता हैं। विशेषज्ञों की मानें तो कई बार जेनेटिक कारणों से भी दांत पीले हो जाते हैं। वहीं, कुछ दवाइयों को खाने से दांत पीले हो जाते हैं। इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए लोग डेंटिस्ट की मदद लेते हैं। लेकिन वहीं कुछ ऐसे भी लोग होते हैं जो घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करने में भरोसा रखते हैं। आइए जानते हैं पीले दांतों से छुटकारा दिलाने में किन घरेलू उपायों को कारगर माना जाता है –
सेब का सिरका: एप्पल साइडर विनेगर जिसे आम भाषा में सेब का सिरका कहते हैं, इसमें प्राकृतिक रूप से ब्लीचिंग प्रॉपर्टीज पाई जाती हैं। इसमें एसिटिक एसिड होता है जो बैक्टीरिया को मारने में मदद करता है। इसे लोग माउथवॉश की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इसे मुंह में 30 सेकेंड से कम देर तक रखें।
बेकिंग सोडा: बेकिंग सोडा में नेचुरल वाइटनिंग गुण होते हैं, यही वजह है कि इसका इस्तेमाल कई टूथपेस्ट में भी किया जाता है। यह दांतों के लिए स्क्रब की तरह काम करता है जो दांतों के पीलेपन को दूर करता है।
फलों का छिलका: नींबू, संतरा और केला जैसे फल विटामिन-सी और डी-लिमोलिन से भरपूर होते हैं। ये दोनों तत्व प्राकृतिक रूप से दांतों को सफेद रखने में असरदार माना जाता है।
अनानास: अनानास सेहत का खजाना माना जाता है। पीले दांतों से निजात पाने के लिए लोग अनानास का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इस फल में ब्रोमेलिन नामक एंजाइम पाया जाता है जो कई टूथपेस्ट में भी मौजूद होते हैं। दांतों के पीलेपन से छुटकारा दिलाने में इस एंजाइम को कारगर माना जाता है। साथ ही, अन्य डेंटल प्रॉब्लम्स को दूर करने में भी ये फायदेमंद साबित होता है।
नमक: घरेलू उपायों में एक नमक भी होता है पीले दांतों की समस्या को कम करता है। बता दें कि नमक से ब्रश करने से दांतों में चिपके हुए बैक्टीरिया मरते हैं। इस घरेलू उपाय को सालों से इस्तेमाल किया जा रहा है। इसलिए ही टूथपेस्ट में भी नमक को इतना अधिक महत्व दिया जाता है। इसे यूज करने के लिए आधा चम्मच सरसों के तेल के में एक चुटकी नमक मिलाकर उससे ब्रश करें।

