हर साल 18 मई को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस (International Museum Day) मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का मेन मकसद लोगों को संग्रहालयों के महत्व और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने के बारे में जागरूक करना है। म्यूजियम में पुरानी धरोहरों को संजोने के साथ-साथ यह शिक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विविधताओं को समझने का एक सशक्त माध्यम भी है।

अगर आप राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हैं और अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर कहीं घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो हम आपके लिए कुछ फेमस संग्रहालयों के नाम बताएंगे, जहां आप जा सकते हैं। यहां आपको भारत की कला, इतिहास और संस्कृति को करीब से जानने और समझने का भी मौका मिलेगा।

मालूम हो कि अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने लोगों को खास सौगात दी है। इस मौके पर देश के सभी संग्रहालयों और स्मारकों में एंट्री फ्री कर दी गई है। ऐसे में आज किसी भी तरह के टिकट के लिए पैसे नहीं देने होंगे।

राष्ट्रीय संग्रहालय- National Museum

नेशनल म्यूजियम (National Museum) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थित है, जो देश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है। यहां पर जाकर आप पांच हजार साल पहले की प्राचीन वस्तुओं को देख सकते हैं। यह म्यूजियम सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन खुला रहता है। आप यहां सुबह 10 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक विजिट कर सकते हैं।

राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय- National Gallery of Modern Art

राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय दिल्ली के शेरशाह रोड पर स्थित है। जयपुर हाउस में स्थित यह संग्रहालय 19वीं सदी से लेकर आधुनिक भारतीय कला का भव्य प्रदर्शन करता है। यहां पर 1700 कलाकृतियां और पेंटिंग्स का संग्रह है। यहां पर आपको रविंद्रनाथ टैगोर, एमएफ हुसैन, डीपी राय चौधरी, नंदलाल बोस, रामकींकर बैज सहित कई जाने-माने कलाकारों की पेंटिंग्स हैं। यहां आप जाकर आप और कई चीजों को एक्सपलोर कर सकते हैं।

राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय- National Crafts Museum

राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय (National Crafts Museum) में देश के कोने-कोने से एकत्रित 33,000 से अधिक वस्तुओं का खजाना है। इसमें मूर्तियां और पेंटिंग सहित कई चीजें शामिल हैं। यह संग्रहालय नई दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित है।

राष्ट्रीय रेल संग्रहालय- National Rail Museum

राष्ट्रीय रेल संग्रहालय (National Rail Museum) मुख्य रूप से देश की रेल विरासत को संरक्षित करने पर केंद्रित है। यहां जाकर आप 19वीं सदी के भाप इंजन, शाही डिब्बे और रेलवे से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं को देख सकते हैं। नेशनल रेल म्यूजियम में आप अपने बच्चों और परिवार के साथ जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री संग्रहालय

प्रधानमंत्री संग्रहालय दिल्ली के तीन मूर्ति भवन परिसर में स्थित है। म्यूजियम के एंट्री पॉइंट पर देश के सभी प्रधानमंत्रियों की तस्वीर लगी है। यह संग्रहालय करीब 10 हजार वर्ग मीटर की जमीन पर बना है। म्यूजियम में देश के तमाम प्रधानमंत्रियों से जुड़े दस्तावेज सहेजकर रखे गए हैं।

नेशनल साइंस सेंटर

आप अपने बच्चों के साथ नेशनल साइंस सेंटर में जा सकते हैं। इस म्यूजियम में बच्चों के लिए कई तरह की प्रदर्शनी लगाई गई हैं। यहां पर डायनासोर गैलरी और फन साइंस लाइब्रेरी के साथ-साथ कई चीजें मौजूद हैं। इस केंद्र में समय कैसे बीत जाता है, इसका एहसास ही नहीं होता। यह दिल्ली के बेहतरीन म्यूजियम्स में से एक है। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के मौके पर आपको जरूर जाना चाहिए।

नेहरू प्लैनेटेरियम- Nehru Planetarium

अंतरिक्ष, सितारों और ग्रहों की दुनिया में रुचि रखने वालों को नेहरू प्लैनेटेरियम में एक बार जरूर जाना चाहिए। खासकर बच्चों को यह बहुत पसंद आता है। यहां आप जाकर सूर्य, चंद्रमा, सितारों और ग्रहों को नजदीक से देख सकते हैं। नेहरू प्लेनेटेरियम दिल्ली भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के नाम पर रखे गए पांच प्लेनेटेरियम में से एक है। पांच नेहरू प्लेनेटेरियम दिल्ली, मुंबई, पुणे बैंगलोर और इलाहाबाद में स्थित हैं।