Periods Cramp Relief Tips: पीरियड्स महिलाओं के जीवन का एक अहम हिस्सा है। प्रत्येक महिला एक उम्र के बाद इसका अनुभव करती है। पीरियड्स हर महीने 4-5 दिनों के लिए आता है। इस दौरान महिलाओं को इससे जुड़ी अलग-अलग तरह की समस्याएं भी होती हैं। पीरियड्स यानी मासिक चक्र के दौरान होने वाली जो सबसे कॉमन दिक्कत है, वो है ऐंठन (क्रैंप्स) की। पीरियड क्रैम्प्स में हर महिला को अलग-अलग तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसमें सिरदर्द से लेकर लूज मोशन जैसी दिक्कतें शामिल हैं। अगर आप भी पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द और क्रैंप से परेशान हैं तो जीवनशैली में कुछ बदलाव कर और खानपान में सुधार कर इस पर काबू पाया जा सकता है। आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. दीक्षा भावसार पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द से निपटने के लिए निम्न टिप्स देती हैं।

चाय: पीरियड्स के वक्त चाय पीने से बड़ी राहत मिलती है। इससे क्रैंप्स पर काबू पाया जा सकता है। आप अपनी पसंद के हिसाब से कोई भी चाय पी सकती हैं।

सिंकाई जरूरी: पीरियड्स के दौरान जिस जगह पर दर्द है वहां पर गर्माहट दें। गर्म पानी के बॉटल या हॉट बैग से दर्द वाली जगह पर सिंकाई करें। यह अचूक नुस्खा है। पीरियड्स के दौरान पेट के निचले हिस्से पर गर्मी लगाने से गर्भाशय में सिकुड़ती मांसपेशियों को आराम मिलता है। पीरियड क्रैम्प्स में सिंकाई रामबाण से कम नहीं है।

पानी भरपूर पीएं: मासिक धर्म के दौरान भरपूर मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी है। पानी ब्लोटिंग जैसी परेशानियों को दूर करने में मदद करता है। डॉ. दीक्षा कहती हैं कि पीरियड्स में अदरक की चाय, कैमोमाइल की चाय या अजवाइन की चाय क्रैंप्स से निजात दिलाने में अद्भुत तरीके से काम करती है। इसके अलावा पुदीने के पत्तों को एक बोतल में डाल कर उसका पानी भी दिन भर पीती रहें।

योग करें: मासिक धर्म के दौरान होने वाली परेशानियों से छुटकारा पाने में योग एक अच्छा विकल्प है। कुछ आसन जैसे- प्राणायाम और शवासन अच्छे माने जाते हैं, क्योंकि ये शरीर को आराम पहुंचाते हैं और इन योगासनों को करना भी आसान होता है। इसके साथ ही महिलाओं को न सिर्फ शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी आराम करना चाहिए।