Curd Storage Tips: दही सेहत के लिए हर तरह से फायदेमंद होता है। इसे न केवल खाने से बल्कि स्किन पर लगाने से भी कई फायदे मिलते हैं। कुछ लोग बाजार से दही लाकर खाते हैं तो कुछ लोगों को घर पर अपने हाथों से जमाया हुआ ही दही पसंद आता है। बाजार में मिलने वाले दही में मिलावट भी हो सकती है। वहीं ये महंगा भी पड़ता है। कई बार पता भी नहीं चलता है कि ये फ्रेश है या कई दिन पुराना। इसलिए घरों में अक्सर महिलाएं इसे घर पर ही दूध से जमा लेती हैं। मौसम ने करवट ले ली है। गर्मियों में दही अक्सर खट्टा हो जाता है। ऐसा होने से न केवल वो खाने में ज्यादा स्वाद नहीं लगता है बल्कि इसे जमाने की मेहनत भी बेकार जाती है। दही में खट्टापन जल्दी आता है। ऐसे में इसको ज्यादा दिनों तक लोग नहीं चला पाते हैं। यहां हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताने जा रहे हैं जिससे आपका दही गर्मियों में भी खट्टा नहीं होगा। आइए जानते हैं इसके बारे में।
दही जमाने के लिए ताजे दूध का करें इस्तेमाल
दही को जमाने के लिए कोशिश करें कि आपका दूध ताजा ही हो। पुराने दूध से दही जमाने से उसमें खट्टापन आने की संभावना ज्यादा रहती है। आप ताजा दूध की जगह एक दिन के बासी दूध से दही जमाएंगे तो दही हर हाल में खट्टी जमेगी।
हलवाई जैसा दही कैसे जमाएं?
बाजार में मिलने वाले हलवाई जैसे दही को जमाने के लिए सबसे पहले दूध को अच्छी तरह उबालें। इसके बाद उसे ठंडा होने दें। जब दूध थोड़ा ठंडा हो जाए तब उससे दही जमाए। हमेशा एक बात का ध्यान रखें कि दही जमाने के लिए दूध का तापमान सही होना चाहिए। बहुत ज्यादा ठंडे दूध में दही नहीं जमता है। वहीं ज्यादा गर्म दूध में दही जमाने पर वो खट्टा हो सकता है।
इस गलती से दही हो जाता है खट्टा
अधिकांश महिलाएं दादी-नानी के बताए नुस्खे से ही दही जमाती हैं। दही जमाने के लिए वो घर में रखे दही का इस्तेमाल करती हैं। लेकिन आपको एक बात का ध्यान रखना चाहिए। जिस दही को आप दूध में डाल रही हैं अगर वो पहले से रखा-रखा खट्टा हो गया होगा तो आपका जमने वाले दही का स्वाद भी खट्टा होगा। इसलिए जो दही दूध में डालें वो भी पूरी तरह से फ्रेश होना चाहिए।
गर्मियों में दही को बाहर न रखें
गर्मियों के दिनों में दही को खट्टा होने से बचाने के लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। जैसे ही आपका दही जमकर तैयार हो जाता है उसे तुरंत फ्रीज में रख दें। ऐसा करने से आप उसे ज्यादा दिनों तक स्टोर कर पाएंगी। इसके साथ ही इसके खट्टे होने की संभावना भी कम हो जाएगी। आमतौर पर दही जमने में 6 से 8 घंटे लगते हैं। जब दही आपका जम जाए तो इसे फ्रिज में रख दें।