चुभती जलती गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। पारा 40 डिग्री को पार कर रहा है। गर्मी के मारे लोगों का सांस तक लेना दूभर हो गया है। वहीं, दूसरी ओर समर वेकेशन में बच्चे घरों में बोर हो रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी बच्चों, परिवार या दोस्तों के साथ वीकेंड पर कहीं बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन घर से निकलने से पहले कई बार सोचना पड़ रहा है कि इस कड़ी धूप में कहां जाएं, तो ऐसे में ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको भारत में छिपी हुई कुछ ऐसी बेहतरीन जगहों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जो आपको भीषण गर्मी में भी ठंडक का अहसास दिलाएंगी। इतना ही नहीं इन जगहों पर जाने का खर्चा भी बहुत अधिक नहीं आएगा, ऐसे में आप 2 दिन सुकून से यहां बिता पाएंगे।

मोरनी हिल्स, हरियाणा:

अगर आप कम बजट में दिल्ली के आसपास की किसी जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो इसके लिए मोरनी हिल्स बेस्ट है। ये हरियाणा के पास बसा एक खूबसूरत हिल स्टेशन है और चंडीगढ़ से सिर्फ एक घंटे की दूरी पर है। भीषण गर्मी में अगर आप खूबसूरत चीड़ के पेड़ों, हरियाली और लेक का आनंद लेना चाहते हैं, तो इस वीकेंड मोरनी हिल्स की सैर कर सकते हैं। ये जगह चंडीगढ़ के आसपास आपको पहाड़ों की फील देगी।

दरिंगबाड़ी, ओडिशा:

दरिंगबाड़ी ओडिशा में एक खूबसूरत हिल स्टेशन है। यहां आपको बेहद खूबसूरत पहाड़ियों, झीलों, झरनों और जंगलों का संगम देखने को मिलता है। दरिंगबाड़ी, 3000 फीट की ऊंचाई पर स्थित ओडिशा की एकलौती ऐसी जगह है, जहां सर्दियों में बर्फबारी देखने को मिलती है और गर्मी के मौसम में भी यहां ठंडक का अहसास किया जा सकता है। खास बात ये है कि इस जगह के बारे में कम ही लोग जानते हैं इसलिए यहां ज्यादा भीड़ भी नहीं होती। कहा जाता है कि ये जगह सबसे पहले डेरिंग नाम के एक ब्रिटिश अधिकारी ने देखी थी। उसी अधिकारी के नाम से इस जगह का नाम डेरिंगबाड़ी पड़ा जो आज दरिगंबाड़ी के नाम से जाना जाता है।

लिंगमाला वॉटरफॉल, महाराष्ट्र:

महाराष्ट्र में महाबलेश्वर के पास लिंगमाला वॉटरफॉल एक बेहद फेमस और खूबसूरत झरना है। यहां करीब 600 फीट की ऊंचाई से पानी नीचे गिरता है। यहां आसमान में खूबसूरत इंद्रधनुष और आसपास हरियाली का मासौल आपकी हफ्ते भर की थकान को चुटकियों में मिटा देने के लिए काफी है। लिंगमाला वॉटरफॉल का मनमोहक नजारा आपको यकीनन ताजगी से भर देगा।

गावली देव वॉटरफॉल, नवी मुंबई:

नवी मुंबई की इस खूबसूरत जगह के बारे में बेहद कम लोगों जानते हैं। ऐसे में यहां आपको भीड़ भी कम मिलेगी। इस वॉटरफॉल पर प्राकृतिक नजारों के साथ-साथ आपको बर्ड वॉचिंग का आनंद भी देखने को मिल जाएगा। कमाल की बात यह है कि इस वॉटरफॉल तक पहुंचने के लिए आपको करीब 15 मिनट ट्रेक करना पड़ता है, ऐसे में आपको ट्रेकिंग का अनुभव भी साथ मिल जाएगा।

शोजा हिल, हिमाचल प्रदेश:

अगर आपको पहाड़ों से लगाव है, तो गर्मी के मौसम में आप हिमाचल प्रदेश के हिल स्टेशन शोजा को घूमने जा सकते हैं। सिराज घाटी पर स्थित इस हिल स्टेशन को बॉलीवुड फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में दिखाया गया था। ट्रैकिंग पसंद करने वाले लोगों के लिए यहां की यात्रा करना काफी मजेदार हो सकता है। यहां से 5 किमी की दूरी जलोरी दर्रा है, जो ट्रेकिंग के लिए फेमस है। इस जगह के आसपास का मौसम हमेशा सुहाना रहता है।