गर्मी के मौसम में कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप भी अधिक बढ़ जाता है। वहीं, मच्छर-मक्खियों से तो आप फिर भी निजात पा लेते हैं, लेकिन लाख सफाई करने के बाद भी घर के कौने-कौने में बने मकड़ी के जालों से छुटकारा पाना मानो टेढ़ी खीर हो जाता है। आप हर दिन इन जालों को साफ करते हैं और अलगे दिन उसी जगह पर एक नया बना पाते हैं। ऐसे में गंदगी के साथ-साथ कई तरह की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर तब, जब ये जालें किचन की दीवारों पर बने हों। ऐसे में इनसे छुटकारा पाने के लिए क्या किया जाए? अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे कमाल के उपाय बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप अपने घर में मौजूद इस बीमारी की जड़ को चुटकियों में खत्म कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

पुदीने के पत्ते दिखाएंगे असर:

अपने घर से मकड़ी को दूर रखने के लिए आप पुदीने के पत्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। पुदीने के पत्तों की तेज गंध मकड़ी को भगाने का काम करती है। ऐसे में आप पुदीने के पत्तों को पानी में घोलकर मकड़ी के जालों पर स्प्रे कर सकते हैं या आप चाहें तो इसके लिए पुदीने के तेल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

नींबू से मिलेगा फायदा:

मकड़ी भगाने में नींबू भी असरदार साबित हो सकता है। इसके लिए आप एक स्प्रे बोटस में नींबू के रस को भर लें, अब इसे किचन और घर के हर उस कौने पर छिड़कें जहां मकड़ी के जाले अधिक दिखाई देते हों। ऐसा करने पर भी आपको इस परेशानी से छुटकारा मिल सकता है।

व्हाइट विनेगर की लें मदद:

सफेद सिरका लगभग हर किचन में पाया जाता है। इसकी मदद से भी आप घर में मौजूद मकड़ी के जालों को खत्म कर सकते हैं। इसके लिए सिरके को एक स्प्रे बोटल में भल लें और इसे भी मकड़ी के जालों पर छिड़क दें। व्हाइट विनेगर में हल्का एसिड होता है जिसकी महक बहुत स्ट्रांग होती है। इसके चलते मकड़ी फिर दोबारा उस जगह पर आपको नहीं दिखेगी।

दालचीनी पाउडर दिखाएगा कमाल:

घरों से मकड़ी के जालों को खत्म करने के लिए आप दालचीनी पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। दालचीनी की तेज गंध मकड़ियों को भगाने का काम करती है। ऐसे में एक बार किसी जगह पर दालचीनी पाउडर का इस्तेमाल करने से मकड़ी फिर उस जगह पर दोबारा नहीं भटकेगी।