Morning Skin Care Tips: हर व्यक्ति की चाहत होती है कि उसका चेहरा चमकदार और निखरा हुआ दिखे। इसके लिए लोग तमाम तरीके अपनाते हैं, हालांकि कई बार बाजार से लाई गई चीजों का अधिक इस्तेमाल भी चेहरा बेजान बना सकता है। चेहरा चमकदार ना दिखने पर हम खुद भी कॉन्फिडेंट महसूस नहीं कर पाते हैं। चेहरे पर चमक न केवल आपका मनोबल बढ़ाती है, बल्कि फ्रेश फील करने में भी मदद करती है। ऐसे में जानिये कुछ आसान सी मॉर्निंग ट्रिक्स जिन्हें अपनाकर अपने चेहरे की चमक को वापस लाया जा सकता है।
गुनगुना पानी है रामबाण: गुनगुना पानी पीने से आपका शरीर डिटॉक्सिफाई होता है जिससे शरीर से सारे विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं। यह ना केवल आपकी पाचन क्रिया को अच्छा करता है, बल्कि आपके चेहरे को भी चमकदार बनाता है। इसलिए रोज सुबह उठकर कम से कम एक गिलास गुनगुना पानी जरूर पीएं।
योग से होगा फायदा: सिम्हा मुद्रा, जीभ बाधा योग, जालंधर बंध, फिश फेस, चिक अप्लिफ्ट और ब्लॉइंग एयर कुछ ऐसे योगाभ्यास हैं, जिन्हें करने से आपके चेहरे की चमक बढ़ती है। रोजाना सुबह उठकर यह सब योगा करने से चेहरे पर निखार आता है।
एलोवेरा है खास: सुबह उठकर अपने चेहरे को साफ पानी से धोएं। फिर एलोवेरा जेल अपने चेहरे पर लगाएं। रोजाना 3 हफ्ते तक एलोवेरा जेल लगाने से चेहरा चमकदार होता चला जाता है। इससे चेहरे के दाग-धब्बे भी हट जाते हैं। आप चाहें तो एलोवेरा जूस भी पी सकते हैं।
ग्लिसरीन को अपनाएं: साफ चेहरे पर एक कॉटन की मदद से ग्लिसरीन लगाएं। इससे चेहरा निखरता है। ग्लिसरीन के रोजाना इस्तेमाल से चेहरा सोने की तरह चमकना शुरू हो जाता है। संभव हो तो ग्लिसरीन में दो बूंद नींबू का रस मिलाकर लगाएं।
बेसन से आता है निखार: अगर आपके चेहरे की त्वचा बेजान हो गई है तो बेसन आपकी त्वचा के लिए बहुत कारगर है। सुबह उठकर आधा चम्मच बेसन लें। एक चुटकी हल्दी मिलाएं। साथ में आधा चम्मच दूध की मलाई मिलाएं। रोज सुबह इससे मुंह धोएं। एक हफ्ते इसके इस्तेमाल से चेहरा निखरेगा।
सूप होता है असरदार: रोज सुबह नाश्ते से पहले तोरई, लौकी या टमाटर का सूप पीएं। यह सूप बहुत असरदार होते हैं। रोज सुबह इन्हें पीने से लंबे समय तक चेहरा चमकदार बना रहता है। सूप पीने से चेहरे पर अंदरूनी चमक आती है।