बटर मिल्क यानी छाछ, भारतीय घरों में पाई जाने वाली प्रमुख चीजों में से एक है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं। यह स्वास्थ्य के लिए काफी लाभकारी है। गर्मी हो या सर्दी छाछ पीने के शौकीन हर मौसम में इसका सेवन करते हैं। गर्मियों में छाछ पाचन को दुरुस्त रखने, गर्मी से निजात दिलाने और शरीर को हाइड्रेटिड रखने में मदद करता है। छाछ त्वचा के लिए सुपरफूड है।
छाछ में लैक्टिक एसिड तत्व होता है, इसमें मौजूद अच्छे बैक्टीरिया डेड सेल्स को हटाकर त्वचा को खूबसूरत बनाते हैं। छाछ को कुछ चीजों में मिलाकर अगर त्वचा पर लगाया जाए, तो यह आपकी स्किन को ग्लोइंग बना देती है।
-छाछ और चने का आटा: छाछ और चने के आटे का मास्क त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होता है। सामान्य तौर पर इसे उबटन कहा जाता है। यह मास्क त्वचा से टैनिंग हटाने के साथ ही स्किन टोन को हल्का करता है। इसके लिए 2 चम्मच चने का आटा, एक चुटकी हल्दी और 2 से 3 चम्मच बटर मिल्क को मिलाकर पेस्ट बना लें। फिर इस मास्क को अपनी त्वचा पर लगाएं। 10 से 15 मिनट बाद इसे धो लें।
-छाछ और टमाटर का जूस: गर्मियों के मौसम में टैनिंग और सनबर्न एक आम समस्या बन जाती है। इसके लिए आप छाछ और टमाटर के जूस का इस्तेमाल कर सकते हैं। एक चम्मच छाछ में एक चम्मच टमाटर का जूस मिलाएं, फिर सनबर्न और टैनिंग वाली जगह पर रूई के इस्तेमाल से इस पेस्ट को लगा लें। आधे घंटे के लिए इसे ऐसे ही छोड़ दें। बाद में ठंडे पानी से धो लें। इससे जली हुई त्वचा धीरे-धीरे ठीक होने लगती है।
-छाछ और शहद का मास्क: छाछ और शहद दोनों ही त्वचा को मॉइश्चराइज करने में मदद करते हैं। हालांकि छाछ और शहद का मास्क मिलाकर चेहरे पर लगाने से यह त्वचा को हाइड्रेटिड रखता है। अगर आपकी त्वचा काफी ड्राई है, तो इसके लिए एक चम्मच छाछ में आधी चम्मच मलाई और एक चम्मच शहद मिला लें। इस मिश्रण से अपने चेहरे पर मसाज करें। इससे आपकी त्वचा चमकदार हो जाएगी।
-छाछ और आम: छाछ में ब्लीचिंग के गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा पर होने वाले डार्क स्पॉट्स को ठीक करने में कारगर है। इसके लिए आम के कुछ टुकड़ों को ब्लैंड कर लें और एक चम्मच छाछ के साथ मिलाकर उसका पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को अपनी त्वचा पर लगाएं। करीब 30 मिनट बाद अपने चेहरे को धो लें। नियमित तौर पर इस उपाय का इस्तेमाल करने से आपको फायदा हो सकता है।