सिल्क साड़ी हर महिला की पहली पसंद होती है। यही कारण है कि कॉलेज गर्ल्स हों या फिर वर्किंग वुमेन, सभी इस साड़ी को अपने वॉर्डरोब में जरूर रखती हैं। इस साड़ी को शादी-ब्याह से लेकर त्योहारों तक सभी खास मौकों पर पहना जाता है। दरअसल, रिच लुक होने के कारण महिलाएं सिल्क साड़ियों को काफी संभालकर रखती हैं।

वहीं, कई बार सही से केयर न करने के कारण इसकी चमक फीकी पड़ जाती है और उस पर दाग-धब्बे लग जाते हैं। ऐसे में सबसे जरूरी है कि आप इन्हें सही तरीके से स्टोर करके रखें। इससे साड़ी की चमक सालों तक बरकरार रहेगी।

प्लास्टिक के बैग में न रखें

सिल्क साड़ी की चमक को बनाए रखने के लिए आपको इसे सही से स्टोर करना चाहिए। आप इसे कॉटन या मलमल के कपड़े में लपेटकर रख सकती हैं। इससे धूल और नमी से बचाव होता है। इसे प्लास्टिक बैग में भूलकर भी स्टोर न करें। इससे कपड़े में बदबू और फंगस लगने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही साड़ी को लंबे समय तक एक ही फोल्ड में न रखें। इसे समय-समय पर बदलते रहें।

धोने पर दें खास ध्यान

सिल्क साड़ी को धोने में भी खास ध्यान रखना चाहिए। इसे कभी भी मशीन में डालकर न धोएं। आप इसे वॉश करने के लिए बेबी शैम्पू का उपयोग कर सकती हैं। वहीं, धोते समय ब्रश का उपयोग न करें, वरना कपड़ा खराब हो सकता है। धोने के बाद इसे सीधी धूप में नहीं सुखाना चाहिए।

आयरन करते समय रखें ये बातें ध्यान में

सिल्क साड़ी को आयरन करते समय काफी सावधानी बरतनी चाहिए। हमेशा कम तापमान पर प्रेस करें। आप साड़ी के ऊपर कॉटन कपड़ा रखकर भी आयरन कर सकती हैं। इससे जलने का खतरा कम होता है।