बॉलीवुड के किंग यानी शाहरुख खान अपने खास अंदाज से फैन्स के दिलों को जीत लेते हैं। शाहरुख खान का स्टारडम केवल देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी कायम है। शाहरुख खान हर त्योहार बेहद ही धूमधाम से मनाते हैं, ईद हो या दिवाली, गणेश चतुर्थी हो या होली। हर त्योहार शाहरुख खान अपने परिवार के साथ मिलकर मनाते हैं। हाल ही में एक्टर का एक पुराना वीडियो यूट्यूब पर वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में शाहरुख खान अपने परिवार और पत्नी गौरी खान के साथ मिलकर होली की पार्टी में एंजॉय करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कभी शाहरुख खान पूल में मस्ती कर रहे हैं, तो कभी ढोल की ताल पर डांस करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी के साथ ढोल पर मस्ती में डांस कर रहे हैं।

वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहरुख खान और गौरी खान पूरी तरह होली के रंगों से रंगे हुए हैं। जहां गौरी खान ब्लैक शॉर्ट ड्रेस में नजर आ रही हैं। वहीं, शाहरुख खान व्हाइट शर्ट में मस्ती में डांस कर रहे हैं। बता दें, होली पार्टी का यह वीडियो काफी पुराना है। लेकिन वीडियो को अब तक 3 लाख 64 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। रोमांस के बादशाह शाहरुख खान और गौरी खान के इस वीडियो पर फैन्स खूब कमेंट कर रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

गौरतलब है कि एक्टर शाहरुख खान ने गौरी छिब्बर से साल 1991 में शादी रचाई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। 1997 में गौरी खान ने अपने बड़े बेटे आर्यन खान को जन्म दिया था। साल 2000 में सुहाना खान का जन्म हुआ था। वहीं, शाहरुख के सबसे छोटे बेटे अबराम का जन्म साल 2013 में हुआ।

 

शाहरुख खान ने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्में दीं। एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में टीवी सीरियल ‘फौजी’ से की थी। इस शो से शाहरुख खान को काफी लोकप्रियता मिली।

शाहरुख खान ने साल 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘दीवाना’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। दीवाना बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। इसके बाद एक्टर ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शाहरुख खान आखिरी बार फिल्म ‘जीरो’ में नजर आए थे। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई।